SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती पर हवन-पूजन, किसानों ने एकजुट...

किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती पर हवन-पूजन, किसानों ने एकजुट रहने का लिया संकल्प

0
6

गौतमबुद्ध नगर, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। किसान नेता एवं भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के संस्थापक स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जन्मतिथि के अवसर पर मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर में अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान किसानों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने हवन-पूजन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। कई स्थानों पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के गौतमबुद्ध नगर जिला अध्यक्ष मनोज मावी के कार्यालय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन एवं पूजन के साथ हुई। हवन में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और किसान भाइयों ने सामूहिक रूप से आहुतियां डालीं। इस दौरान देश में किसानों की समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की गई। हवन-पूजन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों और कार्यकर्ताओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत के किसान आंदोलन में योगदान और किसानों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत ने अपना पूरा जीवन किसानों की समस्याओं को उठाने और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने में समर्पित किया।

जिला अध्यक्ष मनोज मावी ने कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत का पूरा जीवन किसानों के हित और अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने किसानों को एकजुट करने और उनके अधिकारों की आवाज को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी जन्मतिथि पर हवन और भंडारे का आयोजन करना संगठन और किसान समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी किसानों के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। ऐसे में महेंद्र सिंह टिकैत के विचार और किसानों की एकजुटता का संदेश बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने सभी किसान भाइयों से आपसी एकता बनाए रखने और भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) संगठन को मजबूत करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान संगठन में नए सदस्य के रूप में शामिल हुए सुमित शर्मा को गौतमबुद्ध नगर जिले का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत के बताए मार्ग पर चलने तथा किसानों के हितों के लिए संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प लिया।