SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय मिलबेन ने पीएम मोदी को बताया ‘भारत के सपनों का प्रतीक’

मिलबेन ने पीएम मोदी को बताया ‘भारत के सपनों का प्रतीक’

0
7

वाशिंगटन, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। अफ्रीकी-अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे करने पर शुभकामनाएं दी है। उन्होंने उन्हें “भारत के सपनों का प्रतीक” बताया और भारतीयों से अपील की कि वे राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर देश और उसके नेतृत्व का जश्न मनाएं।

इस खास मौके पर एक वीडियो मैसेज में, मिलबेन ने देश-दुनिया के भारतीयों को संबोधित किया और पीएम मोदी के नेतृत्व और पब्लिक सर्विस रिकॉर्ड की तारीफ की।

मिलबेन ने कहा, “मेरे प्यारे भारत और दुनिया भर में बसे भारतीयों को नमस्कार। आज हम मेरे दोस्त, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक बड़ी उपलब्धि और उनके नेतृत्व का जश्न मना रहे हैं। उन्होंने अपनी महान मातृभूमि की 25 साल तक जनसेवा की है।”

मिलबेन ने कहा कि सरकार में पीएम मोदी का सफर कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।

उन्होंने कहा, “आप भारत के सपनों की एक चमकती मिसाल हैं। चाहे युवा हों या बुजुर्ग, हम सबको बड़े सपने देखने और उससे भी आगे की सोचने के लिए आप प्रेरित करते हैं।”

उन्होंने भारतीय समाज के हर वर्ग की आवाज बनने के लिए पीएम मोदी की तारीफ की।

मिलबेन ने कहा, “हर सैनिक, किसान, महिला, बुजुर्ग, युवा-बच्चे और हर धर्म के साथ खड़े रहने के लिए, उनका कल्याण करने और उनकी बात सुनने को तत्पर रहने के लिए आपका धन्यवाद।”

उन्होंने पीएम मोदी को एक ऐसा ग्लोबल लीडर बताया जो ज्यादा स्वस्थ और समृद्ध दुनिया बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “एक स्वस्थ, समृद्ध और समान दुनिया बनाने के लिए समर्पित ग्लोबल लीडर होने के लिए भी आपका धन्यवाद।”

मिलबेन ने माना कि दूसरे देशों की तरह भारत में भी चुनौतियां कम नहीं हैं। उन्होंने भारतवासियों से कहा, “भारत, हर देश की अपनी चुनौतियां होती हैं, लेकिन बहुत कम देशों को लगातार इतने साल तक असरदार नेतृत्व मिलता है। आइए आज हम बीजेपी और कांग्रेस से जुड़ी अपनी सोच को एक तरफ रखें और एकजुट हों।”

उन्होंने भारत को लोकतांत्रिक आजादी और आर्थिक अवसरों से परिपूर्ण देश बताया।

अमेरिकी सिंगर ने कहा, “भारत एक ऐसा देश है जिसे लोकतांत्रिक आजादी मिली और एक ऐसा नेता भी जो पूरी ईमानदारी से उनकी रक्षा करता है; एक ऐसा देश जिसे आर्थिक मौके मिले हैं और एक ऐसा नेता जो उन्हें प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए तैयार है। एक ऐसा देश जो अपने बुजुर्गों का सम्मान करता है और एक ऐसा नेता जो अपने युवाओं को सशक्त बनाने का माद्दा रखता है।”

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी, मैं ईश्वर से आपकी बेहतरी के लिए आशीर्वाद मांगती हूं। ईश्वर की भरपूर कृपा आप पर बनी रहे, क्योंकि आप पूरे भारत का कल्याण कर रहे हैं और लोगों को समान अवसर भी उपलब्ध करा रहे हैं।” उन्होंने कहा, “मेरे दोस्त, 25 साल की सेवा के लिए आपका धन्यवाद और भगवान आप पर हमेशा अपनी कृपा बनाए रखें।”