SGSU Advertisement
Home खेल विराट कोहली बिना पैसे के पहली बार प्रेमानंद महाराज के आश्रम नहीं...

विराट कोहली बिना पैसे के पहली बार प्रेमानंद महाराज के आश्रम नहीं आए, जांच हो: फलाहारी महाराज

0
7

मथुरा, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। ‘फलाहारी महाराज’ के नाम से मशहूर दिनेश शर्मा ने आरोप लगाया था कि विराट कोहली ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहली बार आने के लिए 5 करोड़ रुपये लिए थे। विराट कोहली के प्रवक्ता ने दिनेश शर्मा के आरोप का खंडन किया और इसे झूठा और बेबुनियाद बताया। हालांकि, दिनेश शर्मा अपने आरोप से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

दिनेश शर्मा ने बुधवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “विराट कोहली के प्रवक्ता का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि हमने महाराज से कोई लेन-देन नहीं किया है। उस समय महाराज न विराट कोहली को जानते थे और न ही विराट कोहली महाराज को जानते थे। ये पीआर कंपनी और प्रॉपर्टी वाला ग्रुप था, जो विराट कोहली को महाराज के पास लाया था। महाराज की लोकप्रियता को बढ़ाने के लिए पहले 2 करोड़ और बाद में 3 करोड़ रुपये दिए गए थे। विराट कोहली की कंपनी का अकाउंट और इधर की पीआर कंपनी का अकाउंट चेक करा लिया जाए। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।”

उन्होंने कहा, “विराट यहां आने के बाद महाराज के भक्त हो गए और फिर कई बार यहां आए और कई गुना धन आश्रम में लगाया है। जो बड़े-बड़े आश्रम बने हैं, उनमें विराट कोहली का पैसा लगा है। जहां हजारों साधक रहते हैं, उनके भोजन, पानी, बिजली की व्यवस्था विराट कोहली करते हैं। विराट कोहली बुरे नहीं हैं। वह राधा नाम के उपासक हो चुके हैं। लेकिन ये कहना गलत होगा कि बिना पैसे के विराट कोहली पहली बार यहां आए।”

दिनेश शर्मा के आरोप पर कोहली के प्रवक्ता ने अपने आधिकारिक बयान में कहा था, “हम साफ तौर पर कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने विराट कोहली के बारे में जो दावे किए हैं, वे पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं। विराट कोहली प्रेमानंद महाराज जी से सिर्फ इसलिए मिलने जाते हैं, क्योंकि उनकी महाराज में गहरी आस्था और श्रद्धा है। हम इन दावों का पूरी तरह से खंडन करते हैं और मीडिया से अपील करते हैं कि वे ऐसी बातों को रिपोर्ट करने या फैलाने से पहले पूरी सावधानी बरतें, तथ्यों की जांच करें और जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग करें।”

हालांकि, दिनेश शर्मा द्वारा लगाए गए आरोप का कोई सबूत सामने नहीं आया है। गौरतलब है कि कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ अक्सर प्रेमानंद महाराज से मिलने उनके आश्रम जाते हैं।