SGSU Advertisement
Home राजनीति मुख्यमंत्री बनने के बाद मुझे फंसाने के लिए स्टिंग ऑपरेशन की कोशिश...

मुख्यमंत्री बनने के बाद मुझे फंसाने के लिए स्टिंग ऑपरेशन की कोशिश हुई: शिवकुमार

0
4

बेंगलुरु, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने गुरुवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें फंसाने के लिए स्टिंग ऑपरेशन के जरिए जाल बिछाने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि उनके पास अपने आरोपों को साबित करने के लिए तस्वीरें और दस्तावेज मौजूद हैं।

नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिवकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद कई लोग उनसे संपर्क करने पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें पता है कि कथित स्टिंग ऑपरेशन के पीछे कौन लोग हैं।

शिवकुमार ने कहा, “मुख्यमंत्री बनने के बाद मुझे फंसाने की कोशिश की गई। कुछ लोग मेरे पास आए थे। मेरे पास तस्वीरें हैं। मुझे पता है कि इन स्टिंग ऑपरेशन का सूत्रधार कौन है।”

उन्होंने एक कन्नड़ कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि अपराध करने के बाद भी कुछ लोग इस तरह व्यवहार करते हैं, जैसे वे बहुत चालाक हों और उनकी करतूत किसी को पता ही न चली हो। उन्होंने कहा कि वह कथित स्टिंग ऑपरेशन में शामिल लोगों को जानते हैं और उन्होंने इस संबंध में पुलिस को भी जानकारी दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं उन सभी को जानता हूं। मैंने पुलिस को इसकी जानकारी दी है और मुख्यमंत्री बनने के बाद कुछ लोगों के मेरे पास आने से संबंधित सभी दस्तावेज सुरक्षित रखे हैं।”

शिवकुमार ने कहा कि वह इस मामले की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं कर सकते, लेकिन उन्हें पता है कि वे लोग किस तरह उनके पास पहुंचे, उन्होंने किन लोगों से मुलाकात की और कथित ऑपरेशन के पीछे कौन है।

उन्होंने कहा, “वे किसी मुद्दे पर चर्चा करने आए थे। वे कैसे आए, किस तरह मुझसे संपर्क किया और किससे मिले, मुझे हर जानकारी है। यह सब कौन करवा रहा है, मैं जानता हूं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है, क्योंकि सरकारी अधिकारियों को भी ऐसे कथित स्टिंग ऑपरेशन में अनावश्यक रूप से फंसाया जा सकता है। उन्होंने कहा, “मैं दूसरे लोगों को जवाब नहीं देना चाहता। मैंने अपने अधिकारियों से सावधान रहने को कहा है, क्योंकि हमारे अधिकारियों को अनावश्यक रूप से फंसाया जाता है। इसलिए मैंने उन्हें सतर्क किया है।”

शिवकुमार ने दावा किया कि उनके आसपास तीन स्तर के लोग हैं और कथित स्टिंग ऑपरेशन के लिए कुछ लोगों को काम पर लगाया गया है। उन्होंने कहा, “मेरे आसपास तीन सर्किल हैं। उन्होंने कुछ लोगों को काम पर लगाया है। कुछ नेताओं ने यह किया है और मेरे पास इसकी सटीक जानकारी है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें खुद निशाना बनाया गया है और उनके जरिए स्टिंग ऑपरेशन की शुरुआत करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, “उन्होंने मुझे निशाना बनाया है और वे मेरे जरिए स्टिंग ऑपरेशन शुरू करना चाहते हैं। इसे साबित करने के लिए मेरे पास सारे सबूत हैं। मैं यूं ही कोई बात नहीं करता। मेरे पास सभी सबूत हैं। मैं मुख्यमंत्री बनने के बाद मुझे निशाना बनाए जाने की बात कर रहा हूं।”

शिवकुमार ने आगे दावा किया कि उन्हें कथित स्टिंग ऑपरेशन के पीछे के लोगों के साथ-साथ इसके लिए धन मुहैया कराने वालों की भी जानकारी है। उन्होंने कहा, “वे अन्य लोगों के खिलाफ भी स्टिंग कर रहे हैं। मुझे पता है कि इसके पीछे कौन है और इन स्टिंग ऑपरेशन के लिए पैसा कौन दे रहा है।”

गौरतलब है कि कांग्रेस मंत्रियों को कथित स्टिंग ऑपरेशन के जरिए निशाना बनाए जाने का मुद्दा उस समय सामने आया था, जब मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कथित तौर पर एक कैबिनेट बैठक में आशंका जताई थी कि भाजपा और जेडी(एस) कांग्रेस मंत्रियों को निशाना बनाकर उनके खिलाफ स्टिंग ऑपरेशन कर सकते हैं।

केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने बुधवार को कांग्रेस मंत्रियों के खिलाफ कथित स्टिंग ऑपरेशन को लेकर मुख्यमंत्री शिवकुमार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि शिवकुमार ने खुद अपने कैबिनेट सहयोगियों को अपनी गतिविधियों और लोगों से मुलाकात के दौरान सतर्क रहने की चेतावनी दी थी।

कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने भी बुधवार को आरोप लगाया था कि कांग्रेस का स्टिंग ऑपरेशन करने और उसका इस्तेमाल लोगों को ब्लैकमेल करने का इतिहास रहा है। उन्होंने कहा था कि इसकी पुष्टि पार्टी के अपने मंत्रियों और विधायकों से बात करके की जा सकती है।

वहीं, कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता आर. अशोक ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री शिवकुमार कथित स्टिंग ऑपरेशन को लेकर इसलिए चिंतित हैं क्योंकि वह पहले ऐसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं।