SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय एसआईआर के खिलाफ पटना में महागठबंधन का मार्च, बैरिकेडिंग पर चढ़े तेजस्वी;...

एसआईआर के खिलाफ पटना में महागठबंधन का मार्च, बैरिकेडिंग पर चढ़े तेजस्वी; राज्यपाल से होगी मुलाकात

0
5

पटना, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महागठबंधन के नेताओं ने गुरुवार को पटना में मार्च निकाला। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद, कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी), वामपंथी दल सहित महागठबंधन के कई नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे।

मार्च के दौरान पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। महागठबंधन की ओर से पहले से घोषित कार्यक्रम के तहत यह मार्च शहीद स्मारक से शुरू होकर लोकभवन, सप्तमूर्ति की ओर बढ़ रहा था। प्रदर्शनकारियों की मांग एसआईआर को लेकर उठाए जा रहे सवालों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे से जुड़ी है।

विपक्षी दलों का आरोप है कि एसआईआर की प्रक्रिया के कारण मतदाता सूची से बड़ी संख्या में योग्य मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। इन आरोपों को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। मार्च के दौरान तेजस्वी यादव के साथ वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता आगे बढ़े।

पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के तहत कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शनकारी दो बैरिकेडिंग पार कर गए, जिसके बाद तीसरी बैरिकेडिंग पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान तेजस्वी यादव के बैरिकेडिंग पर चढ़ कर पार कर गए। इसके बाद तेजस्वी यादव समेत प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं को पुलिस की गाड़ी में बैठाया गया।

पुलिस के मुताबिक, राजभवन जाने की अनुमति दी गई है और उन्हें राज्यपाल से मुलाकात के लिए उसी व्यवस्था के तहत राजभवन ले जाया जा रहा है। महागठबंधन नेताओं ने कहा है कि वे एसआईआर, मतदाता सूची और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े अपने सवाल राज्यपाल के समक्ष रखेंगे।

इससे पहले बुधवार को भी बिहार के विभिन्न प्रखंडों में महागठबंधन की ओर से आक्रोश मार्च और प्रदर्शन किए गए थे। पटना में मार्च को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रदर्शन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग तथा एसआईआर के खिलाफ नारेबाजी की। महागठबंधन ने इस मुद्दे पर अपना आंदोलन आगे भी जारी रखने की बात कही है।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीएससी