SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर लखनऊ में श्रद्धांजलि सभा, सीएम योगी भी...

रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर लखनऊ में श्रद्धांजलि सभा, सीएम योगी भी हुए शामिल

0
8

लखनऊ, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के संस्थापक रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को लखनऊ में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए और श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामविलास पासवान को सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की सशक्त आवाज बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन दलितों, पिछड़ों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले बिहार से उठी रामविलास पासवान की आवाज देशभर में सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनी। बिहार की जनता ने उन्हें लगातार समर्थन और सम्मान दिया तथा संसद तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पासवान ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों को साकार करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए निरंतर संघर्ष किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें संसद में रामविलास पासवान के साथ लंबे समय तक काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद पासवान भारतीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गहरा सम्मान रखते थे। साथ ही वे दलितों और वंचितों को समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत रहे।

सीएम योगी ने कहा कि आज भले ही रामविलास पासवान शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी स्मृतियां और उनके विचार आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए उनका संघर्ष देश की राजनीति में हमेशा याद किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में रामविलास पासवान की पत्नी और पुत्र चिराग पासवान भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की भी सराहना करते हुए कहा कि वे अपने पिता के मिशन को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चिराग पासवान एक केंद्रीय मंत्री के रूप में जनता की आवाज को मजबूती से उठा रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ”आज बिहार में उनकी पुण्यतिथि को राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में मनाया जा रहा है। इसके लिए मैं बिहार सरकार का हृदय से धन्यवाद करता हूं। बिहार में स्वर्गीय रामविलास पासवान को जो सम्मान मिला, वैसा ही सम्मान उत्तर प्रदेश में भी उन्हें दिया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान का सरल व्यवहार, उनकी सादगी और सभी वर्गों के प्रति संवेदनशीलता उन्हें एक लोकप्रिय जननेता बनाती थी। उनके विचार और कार्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से स्वर्गीय रामविलास पासवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन किया और कहा कि सामाजिक न्याय की उनकी विरासत को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।