SGSU Advertisement
Home राजनीति पीडीपी नेता अब्दुल कबीर ने बुरहान वानी को बताया शहीद, पुलिस ने...

पीडीपी नेता अब्दुल कबीर ने बुरहान वानी को बताया शहीद, पुलिस ने शुरू की पूछताछ

0
6

किश्तवाड़, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के नेता अब्दुल कबीर के एक बयान को लेकर जम्मू-कश्मीर में नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि अब्दुल कबीर ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी को शहीद बताया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, किश्तवाड़ में पीडीपी कार्यकर्ताओं की एक बैठक के दौरान दिए गए भाषण में अब्दुल कबीर ने बुरहान वानी का जिक्र करते हुए उसे ‘शहीद’ कहा। उन्होंने यह भी कहा कि उसे शहीद कहना या न कहना हमारी अपनी आजादी है।

उनके इस बयान के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने अब्दुल कबीर से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस उनसे यह स्पष्ट करने को कहेगी कि उन्होंने किस संदर्भ में बुरहान वानी को ‘शहीद’ बताया और उनके इस बयान का आधार क्या है। पुलिस उनके बयान और इससे जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

अब्दुल कबीर ने अपने भाषण में एक और बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि 2016 में बुरहान वानी के मारे जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उसके घर जाकर मुआवजा पहुंचाया था। उनके इस दावे ने विवाद को और बढ़ा दिया है।

बता दें कि बुरहान वानी हिजबुल मुजाहिदीन का कुख्यात कमांडर था, जो 8 जुलाई 2016 को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। उस पर सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की हत्या जैसे कई गंभीर आरोप थे और उस पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

बुरहान वानी दक्षिण कश्मीर के त्राल इलाके का रहने वाला था और उसके पिता मुजफ्फर अहमद वानी एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर थे।

एक आतंकी संगठन के कमांडर को शहीद बताने वाले बयान के बाद किश्तवाड़ सहित पूरे जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।