भाटपाड़ा, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव में भाजपा की जीत पर पार्टी के विधायक पवन सिंह ने खुशी जाहिर की और विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर कटाक्ष किया।
भाजपा विधायक पवन सिंह ने कहा, “हमारे पार्टी के उम्मीदवार दोनों जगहों से जीत गए, उनकी इस जीत के लिए बहुत-बहुत बधाई। आने वाले समय में हम लोग विधानसभा में मिलेंगे और बातें करेंगे। विधानसभा में किस तरह से आगे की रणनीतिक बनानी है, इन चीजों पर मिलकर काम करेंगे। बंगाल के लोगों के लिए अच्छा संदेश है, तभी तो भाजपा जीत रही है। यहां के लोगों के लिए हम लोग और अच्छे से काम करेंगे।”
उन्होंने कहा कि 34 साल में जो पहले की सरकारों ने नहीं किया, वो हमारी सरकार बहुत कम समय में उन्हें ठीक करने में लगी हुई है। साल-डेढ़ साल में उन चीजों को ठीक किया जाएगा, जिसके बाद चीजें व्यवस्थित तरीके से काम करेंगी।
नंदीग्राम और रेजीनगर में भाजपा की जीत को लेकर विधायक पवन सिंह ने कहा कि हमें पहले से ही जीतने की उम्मीद थी। जीतने के बाद फिर से सभी को एक चीज सुनने को मिलेगी कि हम लोगों ने वोट चोरी की है। जहां विपक्ष हारता है, वो पहले से इस तरह का प्रोपैगेंडा शुरू कर देता है। समझा जा सकता है कि वो हारने की हताशा को किस तरह से बयां करते हैं।
विपक्ष के धांधली वाले आरोपों पर उन्होंने कहा कि फिर तो मैं भी यह कह सकता हूं कि जब टीएमसी सरकार थी, वो जब भी जीतती थी, तो क्या वो चोरी करती थी? वो तो फिर बड़े पैमाने पर चोरी करती होगी। आपने देखा होगा कि कुछ दिनों पहले जब अभियान चल रहा था तो अल्पसंख्यक लोग थे, वो कह रहे थे कि हम भी भाजपा से जुड़ना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से उन्हें डराया गया था कि भाजपा के आने पर आप लोगों को कई तरह की समस्याएं झेलनी पड़ेगी, लेकिन जब सरकार बदली है, चार-पांच महीने में उन्होंने खुद देखा कि सरकार सभी के लिए बहुत कुछ करना चाहती है। उनकी भी सोच में परिवर्तन आया और उन्हें लगा कि भाजपा को मौका देना चाहिए, उनसे जुड़ना चाहिए।
