पटना, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के गृह विभाग ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए सात आईपीएस अधिकारियों की नई तैनाती और अतिरिक्त प्रभार से संबंधित आदेश जारी किए हैं।
जारी अधिसूचना के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में भी बदलाव किया गया है।
आदेश के अनुसार, 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी रत्न संजय को अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था), बिहार, पटना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। साथ ही उन्हें अपर पुलिस महानिदेशक, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
वहीं, 1998 बैच की आईपीएस अधिकारी कासे सुहिता अनुपम को अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग), अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार, पटना बनाया गया है।
2016 बैच के आईपीएस अधिकारी किरण कुमार गौरव जाधव को अरवल का पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया गया है।
2018 बैच की आईपीएस अधिकारी नवजोत सिमी को अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी), बिहार, पटना में पुलिस अधीक्षक (सीआईडी) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी चंद्र प्रकाश को नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य), पटना के पद पर तैनात किया गया है।
बिहार पुलिस सेवा की अधिकारी ममता कल्याणी को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10, पटना में समादेष्टा नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, निर्मल कुमार आजाद, जो वर्तमान में पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण), बिहार, पटना के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें पुलिस महानिदेशक, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
गृह विभाग के इस फैसले को राज्य में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक कार्यों में समन्वय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अधिकारियों के तबादले या नई नियुक्ति का यह आदेश गृह विभाग द्वारा राज्यपाल की मंजूरी के बाद जारी किया गया है।
सबसे प्रमुख नियुक्ति आईपीएस अधिकारी रत्न संजय की मानी जा रही है। वह भारतीय पुलिस सेवा के 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और लंबे समय बाद केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से बिहार लौटे हैं। अब उन्हें लॉ एंड ऑर्डर का एडीजी बनाया गया है।
