SGSU Advertisement
Home खेल तीसरे टी20 में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, भारत ने प्लेइंग...

तीसरे टी20 में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, भारत ने प्लेइंग इलेवन में किए दो बदलाव

0
12

इंदौर, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 इंटरनेशनल मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर पहले भारतीय टीम को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया है।

टॉस जीतने के बाद कैरेबियाई टीम के कप्तान होप ने कहा, “मुझे लगता है कि हम सभी जानते हैं कि मैं क्या करने वाला हूं, हम फिर से पहले गेंदबाजी करेंगे। जब आप तीनों फॉर्मेट में खेल रहे हों, तो यह चुनौतीपूर्ण होता है। इन हालात में जितनी जल्दी हो सके, सीखना जरूरी है। हम हमेशा जानते हैं कि कैच से कई मैच का फैसला होता है। रोमारियो ठीक है, लेकिन वह आराम कर रहे हैं। अकील हुसैन की जगह कीमो पॉल को शामिल किया गया है।”

भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। शिवम दुबे की जगह पर नीतीश कुमार रेड्डी और कुलदीप के स्थान पर प्रिंस यादव को मौका दिया गया है। टॉस हारने के बाद कप्तान अय्यर ने कहा, “पिछले मैच में ओस का बहुत बड़ा रोल था। कभी-कभी ऐसा होता है, इसलिए आपको उस बात को भुलाकर आगे बढ़ने की सोच रखनी चाहिए। एक अच्छा स्कोर बनाने के लिए हालात के हिसाब से खुद को ढालना और तेजी से स्थिति को समझना जरूरी है। शिवम दुबे बाहर हैं और उनकी जगह पर नीतीश रेड्डी आए हैं। कुलदीप के स्थान पर प्रिंस खेल रहे हैं। मैदान के साइज को देखते हुए हमने ये बदलाव किए और हमें ऐसे खिलाड़ी की भी जरूरत थी जो यॉर्कर गेंदों पर अच्छे शॉट लगा सके।”

पांच मैचों की टी20 सीरीज अभी 1-1 से बराबर है। दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा था। संजू सैमसन ने 82 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि ईशान किशन भी अच्छी लय में दिखाई दिए थे। वहीं,कप्तान श्रेयस अय्यर ने 40 और तिलक वर्मा ने नाबाद 44 रन बनाए थे। हालांकि,टीम के गेंदबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके थे। भारतीय गेंदबाज 250 रनों के लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे थे। अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव काफी महंगे साबित हुए थे।

दूसरी ओर, वेस्टइंडीज का प्रदर्शन दूसरे टी20 में कमाल का रहा था। शाई होप ने शतकीय पारी खेलते हुए टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, शेरफेन रदरफोर्ड भी अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 37 गेंदों में 84 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी। हालांकि, वेस्टइंडीज टीम के गेंदबाजों का भी प्रदर्शन निराशाजनक रहा था।

भारत की प्लेइंग इलेवन:अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।

वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन: शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), कामिल पूरन, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैम्पसन, कीमो पॉल, रोस्टन चेज, शमर स्प्रिंगर, शमर जोसेफ और गुडाकेश मोती।