चंडीगढ़, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के तहत अधीनस्थ अदालतों में कर्मचारियों की केंद्रीकृत भर्ती के लिए बनी सोसाइटी (एसएसएससी) ने पंजाब राज्य में जिला और सत्र न्यायाधीशों की ओर से पंजाब की जिला अदालतों में क्लर्क के कुल 1,270 पदों को सीधी भर्ती के तहत भरने के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं।
क्लर्क की इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर की शाम 4 बजे से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 नवंबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि की शाम 4 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ आर्ट्स या बैचलर ऑफ साइंस या इसके बराबर की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ उम्मीदवार ने मैट्रिक की परीक्षा पंजाबी विषय के साथ पास की हो और उसे कंप्यूटर चलाने में दक्षता हासिल की होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 37 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो पंजाब के एससी/बीसी/ओबीसी/ईएसएम/ईडब्ल्यूएस के लिए 710 रुपए, पंजाब के बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) के लिए 875 रुपए और अन्य सभी श्रेणियों के लिए 1,200 रुपए तय किया गया है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा (कंप्यूटर-आधारित परीक्षा), कंप्यूटर दक्षता परीक्षा (सीपीटी) – स्प्रेडशीट टेस्ट और कंप्यूटर टाइपिंग टेस्ट (अंग्रेजी), दस्तावेज सत्यापन, मेरिट सूची, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 29,200 रुपए प्रति माह होगी।
