SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना करने के लिए...

शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता

0
9

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन भक्त मां दुर्गा के तीसरे रूप ‘मां चंद्रघंटा’ की पूजा-अर्चना करने के लिए देशभर के मंदिरों में सुबह से पहुंच रहे हैं। मध्य प्रदेश के मैहर, देवास, उत्तर प्रदेश के वाराणसी, दिल्ली के कालकाजी और झंडेवालन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूजा-अर्चना कर मन्नतें मांगी।

शारदीय नवरात्र के तृतीय दिवस पर मैहर स्थित मां शारदा शक्तिपीठ धाम में मां दुर्गा के तृतीय स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मंदिर के प्रधान पुजारी पवन महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां की आराधना कर श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। पूरा मंदिर परिसर मां के जयकारों से गुंजायमान हो रहा है। चारों ओर भक्तिमय वातावरण और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु मां के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश के देवास में स्थित मां चामुंडा-मां तुलजा भवानी मंदिर में भव्य आरती हुई। सुबह से ही माता के दरबार में दर्शन करने के लिए श्रद्धालु पहुंचे। बता दें कि मां चामुंडा-मां तुलजा भवानी का मंदिर अति प्राचीन है और यहां पर दर्शन करने के लिए हजारों श्रद्धालुओं का तांता नवरात्र में लगता है। नवरात्र के समय 24 घंटे माता के मंदिर का पट खुला रहता है। आज भी सुबह आरती में दर्शन करने श्रद्धालु पहुंचे। चामुंडा माता मंदिर के पुजारी उग्ररांस नाथ पुजारी ने बताया कि नवरात्र के तीसरे दिन मां के दरबार में दर्शन करने के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मां का मंदिर अति प्राचीन है और यहां पर आने वाले हर भक्त की मनोकामना भी पूरी होती है।

उत्तर प्रदेश की काशी के मंदिरों में मां चंद्रघंटा की पूजा करने के लिए श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। यहां विशेष पूजा और सजावट की रस्में निभाई जाती हैं, और भक्त शांति, साहस, समृद्धि और चुनौतियों का सामना करने की शक्ति के लिए आशीर्वाद मांगते हैं। एक भक्त ने कहा, “काशी में नवदुर्गा के प्रति अपार श्रद्धा है। बाबा भोलेनाथ की कृपा से हम गहरे प्रेम के साथ मां के दर्शन करने आते हैं।”

वाराणसी में एक अन्य श्रद्धालु ने कहा, “मैं लगभग 22 सालों से लगातार नवरात्र के दौरान यहां आ रहा हूं। मैं हर नवरात्र में आता हूं। बहुत ही अच्छा लगता है।”

इसी तरह शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन भक्त मां चंद्रघंटा की पूजा करने के लिए दिल्ली के झंडेवालान मंदिर पहुंच रहे हैं। एक महिला भक्त ने कहा, “यहां आकर बहुत अद्भुत और मन को शांति देने वाला अनुभव होता है। बस ऐसा लगता है कि जब भी सुबह हो, हमें मां के दरबार में जरूर जाना चाहिए।”

इसी तरह दिल्ली के कालकाजी मंदिर में श्रद्धालु सुबह से पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। कालकाजी मंदिर के पीठाधीश्वर महंत सुरेंद्रनाथ अवधूत ने बताया कि नवरात्र के तीसरे दिन माता के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना हो रही है। इस मौके पर मध्य रात्रि से ही भक्त कालकाजी मंदिर आ रहे हैं और माता के दर्शन कर माता का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।