SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय गुप्त रिकॉर्डिंग के आरोप में ओपनएआई इंजीनियर को अमेरिका में किया गया...

गुप्त रिकॉर्डिंग के आरोप में ओपनएआई इंजीनियर को अमेरिका में किया गया गिरफ्तार

0
8

वाशिंगटन, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। ओपनएआई में काम करने वाले एक सऊदी अरब के इंजीनियर को कंपनी के सैन फ्रांसिस्को स्थित कार्यालय में छिपा हुआ ऑडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों ने मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को जानकारी दी कि इंजीनियर ने कार्यालय के एक एग्जीक्यूटिव कॉन्फ्रेंस रूम में ऑडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाया था।

न्याय विभाग के अनुसार, 35 वर्षीय अब्दुल रहमान अल्फोजान को 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था और 13 अक्टूबर को संघीय अदालत में उनकी पहली पेशी हुई थी।

संघीय अभियोजकों ने उन पर मौखिक बातचीत को सुनने के लिए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल करने या उपयोग करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। दोषी पाए जाने पर उन्हें अधिकतम पांच साल की कैद और 250,000 डॉलर का जुर्माना हो सकता है।

हालांकि, इस मामले ने वाशिंगटन में राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ा दी हैं, क्योंकि कॉन्फ्रेंस रूम का इस्तेमाल संवेदनशील शोध, मालिकाना तकनीक, व्यावसायिक रणनीति और सरकारी गतिविधियों से जुड़ी चर्चाओं के लिए किया जाता था।

30 सितंबर को, कंपनी के लोगों ने एक एग्जीक्यूटिव कॉन्फ्रेंस रूम में एक टेलीविजन के पीछे यूएसबी पोर्ट में एक छिपा हुआ रिकॉर्डिंग डिवाइस पाया। जांच टीम ने कहा कि डिवाइस को छिपाने के लिए टॉयलेट पेपर में लपेटा गया था और ऐसा 28 सितंबर के आसपास इंस्टॉल किया गया था। इसका कंटेंट एन्क्रिप्टेड था।

शिकायत में आरोप है कि सर्विलांस फुटेज में अल्फोजान कई बार कॉन्फ्रेंस रूम के पास दिखा, हालांकि उसे कमरे में जाने या वहां होने वाली मीटिंग में हिस्सा लेने की इजाजत नहीं थी।

प्रॉसिक्यूटर्स ने कहा कि कमरे का इस्तेमाल नियमित तौर पर तकनीकी विकास, व्यावसायिक अवसरों, उत्पाद योजनाओं और सरकारी एजेंसियों और व्यावसायिक भागीदारों के साथ कंपनी के रिश्तों से जुड़ी गोपनीय चर्चाओं के लिए किया जाता था। जांच टीम ने अल्फोजान से कथित तौर पर जुड़ी डिजिटल गतिविधियों की भी जांच की।

शिकायत के मुताबिक, उसने ओपनएआई की इमारतों, मीटिंग रूम्स, एग्जीक्यूटिव लोकेशन्स और बाहरी पार्टनर मीटिंग्स के बारे में जानकारी खोजने के लिए एक प्रोडक्टिविटी टूल का इस्तेमाल किया था।

जांच अधिकारियों ने बताया कि अल्फोजान के खाते के साथ कई पहचानकर्ताओं को शेयर करने वाले, उनकी पत्नी से जुड़े एक चैटबॉट खाते ने रिकॉर्डिंग इक्विपमेंट बनाने, इंस्टॉल करने और छिपाने के बारे में सवाल भेजे थे। सवाल वायरलेस कनेक्टिविटी, रिमोट लिसनिंग और एन्क्रिप्शन से भी जुड़े थे।

संघीय अधिकारियों ने कहा कि उस खाते ने विशेष रूप से कॉन्फ्रेंस रूम के अंदर मिले डिवाइस से संबंधित पूछताछ की थी। 5 अक्टूबर को, सर्विलांस फुटेज में कथित तौर पर अल्फोजान को एग्जीक्यूटिव कॉन्फ्रेंस रूम में प्रवेश करते और टेलीविजन के पीछे देखते हुए दिखाया गया, जहां पहला रिकॉर्डिंग डिवाइस बरामद किया गया था।

अभियोजकों के अनुसार, उसी दिन ओपनएआई के सुरक्षाकर्मियों को एक बैग के अंदर एक और ऐसा ही रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला, जिसे अल्फोजान की ओर से इमारत में कहीं और लावारिस छोड़ दिया गया था। एफबीआई निदेशक काश पटेल ने कहा कि जांच में संवेदनशील अमेरिकी प्रौद्योगिकी की सुरक्षा शामिल थी।

पटेल ने सुपर इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी का जिक्र करते हुए कहा, “अमेरिकी एसआई इनोवेशन की सुरक्षा हमारे देश की आर्थिक शक्ति और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए जरूरी है।”

कैलिफोर्निया के उत्तरी जिले के अमेरिकी अटॉर्नी क्रेग मिसाकियन ने कहा कि यह मामला टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन की सुरक्षा के महत्व को दिखाता है। उन्होंने कहा, “हमारे लिए यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है।”

राष्ट्रीय खुफिया निदेशक जे क्लेटन ने भी इस मामले को एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में अमेरिकी नेतृत्व को बनाए रखने के लिए वाशिंगटन के प्रयासों से जोड़ा। न्याय विभाग ने कहा कि अभियोजन पक्ष राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित राष्ट्रपति के उस ज्ञापन का समर्थन करता है, जिसका उद्देश्य सुपर इंटेलिजेंस प्रौद्योगिकी में अमेरिकी प्रगति की रक्षा करना है।

अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से यह साबित नहीं किया है कि कथित रिकॉर्डिंग डिवाइस के जरिए इकट्ठा की गई जानकारी किसी विदेशी सरकार को भेजी गई थी। शिकायत से यह भी साबित नहीं होता कि सऊदी सरकार ने कथित कथित कृत्य का निर्देश दिया था या उसमें भाग लिया था।

फिलहाल, अल्फोजान हिरासत में है और उसे 19 अक्टूबर को हिरासत संबंधी सुनवाई के लिए अमेरिकी मजिस्ट्रेट जज एलेक्स जी. त्से के सामने पेश किया जाएगा।