SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘वोट चोरी’ के खिलाफ जंग रहेगी जारी, केंद्र सरकार की कुर्सी जाने...

‘वोट चोरी’ के खिलाफ जंग रहेगी जारी, केंद्र सरकार की कुर्सी जाने तक लड़ेंगे : कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत

0
5

लखनऊ, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने भाजपा की राजनीतिक गतिविधियों, अखिलेश यादव, सीएम योगी आदित्यनाथ, एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडी गठबंधन के विरोध-प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया दी।

राकेश प्रताप सिंह समेत तीन विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “पीएमओ से लेकर सीएमओ तक भारतीय जनता पार्टी के लोग अपने इकोसिस्टम द्वारा एक एजेंडा चलाने की कोशिश कर रहे हैं कि सपा विधायक भाजपा में शामिल हो जाएं। सपा के ये बागी विधायक डेढ़ साल पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं। असलियत यह है कि भाजपा के नेता अब इंडी गठबंधन में शामिल होना चाह रहे हैं।”

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, “वोट चोरी की सरकार को सत्ता से हटाने तक हमारी जंग जारी रहेगी। ये जंग प्रधानमंत्री की कुर्सी छोड़ने तक जारी रहेगी। वोट चोरी, छिनैती और लूट से केंद्र और कई राज्यों में भाजपा की सरकार बनी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक लड़ाई जारी रखेंगे।”

ओमप्रकाश राजभर पर राजपूत ने कहा, “राजभर से अधिक अवसरवादी कोई दूसरा नहीं है। राजभर ने पहले बसपा और फिर सोनेलाल को ठगा। इसके बाद सपा में आए और फिर भाजपा में गए। इसके बाद फिर समाजवादी पार्टी से समझौता किया। कुछ दिन बाद फिर भाजपा में शामिल होकर मंत्री बन गए। ओमप्रकाश राजभर अपने समाज को भी ठग रहे हैं। ठग किसी दूसरे के आरोप पर क्या आरोप लगाएगा?”

बरेली में सीएम योगी ने हाल ही में कहा है कि पहले उपद्रव के कारण लोग उत्सव भूल जाते थे, जबकि अब लोगों में उत्साह है। इस बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, “एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि यूपी में सबसे अधिक महिलाओं का अपमान हो रहा है। अपराधी पुलिस को गोली मार रहे हैं। भाजपा के शासन काल में दलितों का उत्पीड़न और कचहरी, जेल व अस्पतालों में हत्याएं हो रही हैं।”

सीजेपी नेता आशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी पर सुरेंद्र राजपूत ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी के लोग जेनजी के खिलाफ अत्याचार कर रहे हैं, इसे पूरा देश देख रहा है। प्रधानमंत्री इस पर ध्यान दें, अन्यथा आने वाले समय में यही जेनजी आपको अपने अधिकारों से जवाब देंगे।”