SGSU Advertisement
Home राजनीति अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड पर सीएम की पैनी नजर, गृह राज्य मंत्री...

अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड पर सीएम की पैनी नजर, गृह राज्य मंत्री बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

0
6

भरतपुर, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान के भरतपुर जिले में पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के मामले ने सियासी हलचल तेज कर दी है। इस जघन्य हत्याकांड को लेकर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत की और कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं इस पूरे मामले पर करीबी नजर रखे हुए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा, “मुख्यमंत्री ने इन घटनाओं को बहुत गंभीरता से लिया है। सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून के तहत जो भी कार्रवाई जरूरी होगी, वह पूरी सख्ती से की जाएगी। यह निश्चित रूप से बेहद दुखद घटना है और हम सभी आहत हैं।”

उन्होंने बताया कि यह विवाद कोई नया नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों और दूसरे पक्ष के बीच पिछले दो साल से भी अधिक समय से मुकदमेबाजी और आपसी रंजिश चल रही थी। मामले को सुलझाने के लिए बीच में कई बार पंचायतें भी हुईं और समझाइश के प्रयास भी किए गए। लेकिन, क्या किया जा सकता है, जो होना होता है, उसे कोई रोक नहीं पाता। दुर्भाग्य से इस विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया।

जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मामले में पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ खनन विभाग, वन विभाग और अन्य प्रशासनिक विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी, तो उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त निर्देश दिए हैं। जांच में जिसका भी दोष सामने आएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।”

विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा, “विपक्ष का काम है अपनी बात रखना, लेकिन सरकार का काम है न्याय दिलाना और हम न्याय दिलाकर रहेंगे।”

गौरतलब है कि भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव में क्रशर माइनिंग लीज को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते रविवार को हुई हिंसक झड़प में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत जयपुर के एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था।