नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) ने सीएसएल-एएन शिप रिपेयर यूनिट (सीएएनएसआरयू), श्री विजय पुरम के लिए एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग के लिए अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के निवासी इंजीनियरिंग ग्रेजुएट और डिप्लोमा धारकों से आवेदन अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके आमंत्रित किए हैं।
कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड की ओर अप्रेंटिस पोस्ट के लिए जारी रिक्तियों में ग्रेजुएट अप्रेंटिस (इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग) का 1, तकनीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) के 3, तकनीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) का 1 और तकनीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस (इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) का 1 पद शामिल हैं।
अप्रेंटिस के इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 14 अक्टूबर से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक सबसे पहले खुद को एनएटीएस पोर्टल पर रजिस्टर करें। इसके बाद कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के अनुसार इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी में ग्रेजुएशन/डिप्लोमा होना चाहिए। आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 30 अक्तूबर 2026 के आधार पर की जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए 15,000 रुपए और तकनीशियन (डिप्लोमा) अप्रेंटिस के लिए 13,000 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।
उम्मीदवारों को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
