SGSU Advertisement
Home राजनीति सीएम हिमंता ने काजीरंगा की ‘वन दुर्गाओं’ को सराहा, बोले- ‘ये महिलाएं...

सीएम हिमंता ने काजीरंगा की ‘वन दुर्गाओं’ को सराहा, बोले- ‘ये महिलाएं जंगलों के साथ असम की पहचान की भी रक्षक’

0
7

गुवाहाटी, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में तैनात महिला वन रक्षकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने इन महिलाओं को राज्य की ‘वन दुर्गा’ बताया और कहा कि वे असम की समृद्ध वन्यजीव विरासत और पहचान की रक्षा कर रही हैं।

शारदीय नवरात्रि के षष्ठ दिवस पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “छठे दिन हम मां कात्यायनी की पूजा करते हैं, जो महिषासुर का वध करने वाली देवी हैं। वृंदावन के कुंजों में, यमुना के तट पर गोपियों ने उनकी आराधना की थी। वे हर उस चीज की प्रबल रक्षक हैं, जो पवित्र है।”

सीएम हिमंता ने महिला वन रक्षकों का जिक्र करते हुए कहा कि असम के जंगलों में भी अपनी ‘कात्यायनियां’ मौजूद हैं। हिमंता ने कहा कि उनके साहस और समर्पण ने यह प्रदर्शित किया है कि देश की प्राकृतिक विरासत की रक्षा के प्रयासों में महिलाओं की अग्रणी भूमिका होनी चाहिए।

पोस्ट में लिखा, “अगस्त 2023 में 108 महिलाओं का पहला जत्था काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में ‘वन दुर्गाओं’ के रूप में फ्रंटलाइन फॉरेस्ट गार्ड (वन रक्षक) के तौर पर शामिल हुआ। किसान परिवारों की ये बेटियां, जिन्हें डेरगांव स्थित 11वीं असम पुलिस बटालियन में प्रशिक्षित किया गया है। वे पार्क में वाहनों, पैदल और यहां तक कि बाढ़ के दौरान नावों के जरिए गश्त करती हैं। वे एक सींग वाले गैंडे, हाथियों, बाघों और जंगली भैंसों की रक्षा करती हैं, जो इस जंगल में एक साथ रहते हैं।”

मुख्यमंत्री हिमंता ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काजीरंगा दौरे के दौरान महिला वन रक्षकों से मुलाकात की थी और उनके साहस को वास्तव में प्रेरणादायक बताया था। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री ने काजीरंगा में उनसे मुलाकात की और उनके साहस को अत्यंत प्रेरणादायक बताया। वे साबित करती हैं कि हमारी प्राकृतिक धरोहर की रक्षा के प्रयासों में महिलाओं की अग्रणी भूमिका होनी चाहिए।”

हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि जब हमारी बेटियां हमारे जंगलों की रक्षा करती हैं, तो वे असल में असम की पहचान की ही रक्षा कर रही होती हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि मां कात्यायनी हर ‘वन दुर्गा’ को शक्ति, सुरक्षा और जंगल में निर्भय रहने का आशीर्वाद दें।