SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय छत्तीसगढ़: पीएम सूर्य घर योजना बनी धमतरी के लोगों के लिए वरदान,...

छत्तीसगढ़: पीएम सूर्य घर योजना बनी धमतरी के लोगों के लिए वरदान, बिजली बिल की चिंता हुई दूर

0
9

धमतरी, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना धमतरी जिले के लोगों के लिए राहत का माध्यम बन रही है। इस योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवाकर लोग बिजली बिल के खर्च को कम कर रहे हैं। योजना का उद्देश्य नागरिकों को सस्ती और स्थायी ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ ऊर्जा संरक्षण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। धमतरी के लाभार्थी रुद्र प्रकाश साहू को भी इस योजना का लाभ मिला है। उन्होंने अपने घर की छत पर तीन किलोवॉट का सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाया है, जिसके बाद बिजली बिल शून्य हो गया है।

रुद्र प्रकाश साहू ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने के लिए उन्हें केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपए और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपए की सब्सिडी मिली। इस आर्थिक सहायता से संयंत्र लगवाने में उन्हें काफी राहत मिली। लाभार्थी ने कहा कि पहले उनके घर में बिजली का बिल काफी अधिक आता था। हर महीने बिल का भुगतान करना उनके लिए परेशानी का कारण बनता था, लेकिन घर में सोलर पैनल लगने के बाद स्थिति बदल गई है। अब उनका बिजली बिल शून्य हो गया है और उन्हें बिल चुकाने की जरूरत नहीं पड़ रही है।

लाभार्थी ने बताया कि उनके घर में सौर ऊर्जा संयंत्र से बिजली का उत्पादन हो रहा है। घर की जरूरत पूरी होने के बाद उत्पादित अतिरिक्त बिजली नेट मीटरिंग के माध्यम से ग्रिड में भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से भविष्य में इस अतिरिक्त बिजली के लिए उचित कीमत दिए जाने की बात कही जा रही है। इससे उन्हें आगे आर्थिक लाभ मिलने की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि सोलर पैनल लगने से उनके परिवार को बिजली बिल के खर्च से राहत मिली है। इस बदलाव से वह और उनका परिवार खुश हैं। योजना ने घरेलू बिजली खर्च को कम करने में मदद की है और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरों में सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी से सोलर पैनल लगवाने का आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिलती है। साथ ही, सौर ऊर्जा का उपयोग ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

योजना का लाभ मिलने पर रुद्र प्रकाश साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से उन्हें आर्थिक राहत मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री के कार्यकाल और आम जनता के हित में बनाई गई योजनाओं की भी सराहना की। साहू ने कहा कि उनके घर में सौर ऊर्जा संयंत्र लगने से बिजली बिल की समस्या दूर हुई है और अतिरिक्त बिजली शासन को दी जा रही है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।