SGSU Advertisement
Home खेल ‘उनकी लेग स्पिन और गुगली बल्लेबाजों के लिए बड़ी मुसीबत’, वोल ने...

‘उनकी लेग स्पिन और गुगली बल्लेबाजों के लिए बड़ी मुसीबत’, वोल ने अमेलिया केर को बताया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहम

0
6

सिडनी, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेटर जॉर्जिया वोल और ग्रेस हैरिस ने न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर को बेहद खतरनाक खिलाड़ी बताया है। उनका कहना है कि अमेलिया केर बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग, तीनों विभागों में शानदार प्रदर्शन कर सकती हैं, जिससे वह विपक्षी टीम के लिए बड़ा खतरा बन जाती हैं।

ऑस्ट्रेलिया रविवार से नॉर्थ सिडनी में न्यूजीलैंड की नई टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज की मेजबानी करने जा रहा है। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी अच्छी तरह जानती हैं कि केर से उन्हें कितना बड़ा खतरा हो सकता है। सीरीज के ओपनिंग मैच से पहले ‘क्रिकेट डॉट कॉम एयू’ द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज वोल ने कहा, “अमेलिया बहुत कम उम्र में ही चर्चा में आ गई थीं। उन्होंने दुनिया भर में जाकर वर्षों तक अपना दबदबा बनाए रखा है।”

उन्होंने इस बात पर चर्चा की कि कैसे केर गेंद को दोनों तरफ घुमा सकती हैं, जिससे बल्लेबाज हमेशा उलझन में रहती हैं कि अगली गेंद कैसी होगी।

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर हैरिस ने कहा, “अपनी बॉलिंग से वह गेंद को दोनों तरफ घुमा सकती हैं, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़ा खतरा है। उनकी लेग स्पिन और फिर उनकी गुगली लंबे समय से बल्लेबाजों के लिए मुसीबत बनी हुई हैं।”

हैरिस ने बताया कि केर अपनी लेग स्पिन के साथ-साथ गेंद को दूसरी तरफ घुमाने (रॉन्ग-अन) में भी माहिर हैं। हैरिस ने कहा, “एक दाएं हाथ की बल्लेबाज के तौर पर अगर गेंद आपसे दूर जा रही है, तो आप एक खास तरह की शॉट खेलने की तैयारी कर सकते हैं। मगर केर गेंद को दूसरी तरफ घुमाकर आपकी उस तैयारी को बेकार कर सकती हैं और वह ऐसा लगातार कर सकती हैं।”

हैरिस ने यह भी बताया कि कैसे न्यूजीलैंड की यह ऑलराउंडर पिछले कुछ वर्षों से इंटरनेशनल और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में मुश्किल ओवरों में शानदार गेंदबाजी करती आ रही हैं। उन्होंने कहा, “वह न्यूजीलैंड या जिस भी फ्रेंचाइजी टीम के लिए खेलती हैं, उनके लिए अहम ओवर डालती हैं। वह अक्सर ऐसा विकेट निकाल लेती हैं जो मैच का पासा पलट देता है। चूंकि वह खेल के हर पहलू में माहिर हैं, इसलिए वह बहुत खतरनाक साबित होती हैं।”

इस बीच, न्यूजीलैंड की टीम एक नई स्क्वाड के साथ ऑस्ट्रेलिया पहुंची है। सोफी डिवाइन, लिया ताहुहू और सूजी बेट्स जैसी अनुभवी खिलाड़ी संन्यास ले चुकी हैं, और न्यूजीलैंड महिला टीम अभी बदलाव के दौर से गुजर रही है। शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए केर ने बताया कि न्यूजीलैंड की नई टीम पर मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम का सामना करने का कोई मानसिक दबाव नहीं होगा।

केर ने कहा, “सभी जानते हैं कि ऑस्ट्रेलिया लंबे समय से महिला क्रिकेट में बेहद सफल रही है और उन्होंने महिला क्रिकेट के लिए एक रास्ता तैयार किया है। हालांकि, हम यह भी जानते हैं कि क्रिकेट एक अनिश्चित खेल है। हमारी टीम में ऐसी खिलाड़ी हैं जिन्होंने शायद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बहुत ज्यादा मैच नहीं खेले हैं, और मुझे लगता है कि यह एक अच्छी बात है, क्योंकि आप पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने का कोई मानसिक दबाव नहीं होता।”

केर ने आगे कहा, “वह भी हमारी तरह ही इंसान हैं। उनके भी दो पैर और दो हाथ हैं, और वह भी बस खेल ही खेल रहे हैं। हम जानते हैं कि जब हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं, तो हम दुनिया की किसी भी टीम को हरा सकते हैं। मुझे लगता है कि हमारी टीम के लिए यह काफी रोमांचक बात है।”