SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मध्य प्रदेश: ग्वालियर में अनियंत्रित ट्रक शीतला माता मंदिर के पास कई...

मध्य प्रदेश: ग्वालियर में अनियंत्रित ट्रक शीतला माता मंदिर के पास कई दुकानों से टकराया, 12 लोगों की मौत

0
3

ग्वालियर, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर पर एक ट्रक घाटी से उतरते वक्त बेकाबू हो गया। इसकी चपेट में करीब 50 लोग आ गए हैं, जिनमें से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। दो पुलिसकर्मियों और कुछ बच्चों समेत 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, धान की बोरियों से लदा एक ट्रक पहाड़ी से नीचे उतरते समय अनियंत्रित होकर ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर के पास दुकानों से जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक बेकाबू ट्रक चीनोर की ओर से आते हुए शीतला माता मंदिर के प्रमुख बाहरी गेट के पास घाटी से नीचे उतर रहा था, तभी वह गेट के आसपास बनी दुकानों में घुस गया। बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से कई दुकानों को नुकसान हुआ, तो कई दो पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई और दो पुलिसकर्मियों समेत करीब 27 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीमों ने घायलों को अस्पताल के लिए भेजा। करीब पांच लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, मृतकों के शव को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में रखा गया है।

एक स्थानीय निवासी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “जब मैंने चारों ओर देखा, तो वहां भारी अफरा-तफरी और कोहराम मचा हुआ था। लोग चीख-पुकार कर रहे थे और घबराहट में अपने परिजनों को ढूंढ रहे थे। लोगों को ट्रक के नीचे फंसा हुआ देखना बेहद दुखद था। जहां तक ​​लापरवाही की बात है, तो यह ग्वालियर प्रशासन की घोर लापरवाही का नतीजा है। एक बहुत बड़ी चूक है, जिसकी वजह से शीतला माता मंदिर में यह हादसा हुआ।”

उन्होंने कहा कि हमारी सनातन आस्था को गहरा आघात पहुंचा है। लोगों की इस मंदिर में अटूट आस्था है, जहां नारियल तक नहीं फोड़े जाते और नींबू तक नहीं काटे जाते, फिर भी ऐसी त्रासदी हो गई। यह दिल तोड़ने वाला है। मेरी मांग है कि सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव, जो सनातन धर्म, उज्जैन और मंदिरों की बात करते हैं, वे आज ग्वालियर आएं। शीतला माता मंदिर हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को मुआवजा दिया जाए और घायलों का मुफ्त इलाज हो। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो मैं अस्पताल जाकर आमरण अनशन शुरू कर दूंगा। न्याय मिलना ही चाहिए, और हमारे लोगों के साथ हुए इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एक दुकानदार बबलू प्रजापति ने कहा, “यहां मेरी दुकान थी, जिसे उसके पिता संभाल रहे थे। वहां दो रिश्तेदार भी आए हुए थे। कुल चार लोग दुकान पर थे, जो घायल हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।” उन्होंने बताया कि ट्रक के कारण यह हादसा हुआ है। ट्रक नीचे बहुत तेज गति से आया था, जिस कारण दो से तीन दुकान बिल्कुल ध्वस्त हो गईं।

बता दें कि ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर पर नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालु आते हैं और इस दौरान वहां से गुजरने वाले रास्ते को बड़े वाहनों के लिए बंद कर दिया जाता है, लेकिन ट्रक को किसने एंट्री दी, उसकी जांच पड़ताल जारी है। अधिकारियों ने कहा है कि ट्रक को वहां से निकलने की एंट्री किसने दी और पूरे मामले में किसकी लापरवाही है, इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। वहीं, प्रशासनिक की ओर से पीड़ितों को मदद मुहैया कराई जा रही है।