SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय मध्य प्रदेश: ग्वालियर हादसे में दो और लोगों की मौत, मरने वालों...

मध्य प्रदेश: ग्वालियर हादसे में दो और लोगों की मौत, मरने वालों की संख्या 14 पहुंची (लीड-1)

0
4

ग्वालियर, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास ट्रक की चपेट में आने से दो और लोगों की मौत हो गई है। इससे कुल मौतों की संख्या 14 पहुंच गई है। इनमें से पुलिस ने 11 लोगों की पहचान की है, जबकि तीन अभी अज्ञात हैं। वहीं, 25 से अधिक लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मरने वालों में महलगांव निवासी सतेंद्र सिंह गुर्जर उर्फ जगदीश सिंह, राजीव नगर निवासी सरला तोमर पत्नी राजेंद्र सिंह तोमर, खुरेरी के बड़ागांव निवासी गौरव परिहार पुत्र कमलेश परिहार, श्योपुर के सहसराम निवासी महेश शर्मा पुत्र मातादीन शर्मा, शिवपुरी जिले के महागावरा निवासी विमलेश और भितरवार के मावटा निवासी देवेश बघेल पुत्र हरिसिंह बघेल शामिल हैं।

इसके अलावा, अन्य मृतकों में ठाठीपुर निवासी प्रिंस उर्फ छोटू जाटव पुत्र संतोष जाटव, श्योपुर के सहसराम निवाीस शौर्य शर्मा पुत्र संजय शर्मा, शिवनगर गदाईपुरा के हेमंत राठौर पुत्र बंटी राठौर, महेशपुरा के दिव्यांश कुशवाह पुत्र अशोक कुशवाह और गदाईपुरा के पवन राठौर पुत्र विद्याराम राठौर शामिल हैं।

इस हादसे में कुल 27 लोग घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जयारोग्य अस्पताल समूह के अधीक्षक सुधीर सक्सेना ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि उनके अस्पताल में 13 लोग मृत अवस्था में ही लाए गए थे। करीब 10 मरीज प्रारंभिक उपचार के बाद घर जा चुके हैं। कई मरीजों का अस्पताल में इलाज जारी है, जिनमें से कुछ की स्थिति गंभीर है।

वहीं, पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक परिजनों के हंगामे के बीच ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक के परिजनों को ढांडस बंधाया और प्रदेश सरकार से मृतकों व घायलों के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की।

विधायक सतीश सिंह सिकरवार ने आईएएनएस से कहा कि यह हादसा दुखद है। हमारी मांग है कि प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए और घायलों को 25-25 लाख रुपए मुआवजा दिया जाना चाहिए।

दूसरी ओर, ट्रामा सेंटर पर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश शुक्ला भी पहुंचे। उन्होंने घायलों का हलचल जाना और घटना को दुखद बताते हुए मुख्यमंत्री से संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने मामले में जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कराई जाने की भी बात कही।