नागपुर, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नागपुर में कांग्रेस नेता अतुल लोंढे पाटिल ने 1 नवंबर को होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों को इकट्ठा करने के लिए अपील करने की कोई जरूरत नहीं है। जिस तरह से वोट चोरी हुए हैं, लोकतंत्र चोरी हुआ है, लोकतंत्र खतरे में है और संविधान खतरे में है, उसे देखते हुए लोग खुद-ब-खुद वहां आने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा, “आप 5 लाख लोगों की बात करते हैं, लेकिन वहां खड़े होने की भी जगह नहीं होगी। सिर्फ 5 लाख नहीं, बल्कि पूरे देश से 10-15 लाख से ज्यादा लोग बड़े पैमाने पर वहां इकट्ठा होने वाले हैं, ऐसी जानकारी हमें है।”
वहीं, कोलकाता के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ पर अतुल लोंढे पाटिल ने कहा, “सबसे पहले यह जांच का विषय है। जिस तरह से यह भगदड़ हुई, क्या उस मंदिर में अनुमति ली गई थी? क्या प्रशासन ने सावधानी बरती थी? प्रवेश और निकास के लिए क्या योजना बनाई गई थी? अगर इतनी बड़ी भीड़ इकट्ठा होती है, तो उस भीड़ को कैसे मैनेज किया जाना चाहिए, इस पर कोई विचार किया गया था या नहीं? इसकी जांच करना बहुत जरूरी है।”
उन्होंने आगे कहा, “क्या गलतियां हुईं, चाहे आयोजकों द्वारा या प्रशासन द्वारा, ये दोनों चीजें यहां बेहद महत्वपूर्ण हैं। और सुवेंदु के बारे में, ठीक है, आप मुख्यमंत्री हैं, आपने बड़े-बड़े बयान दिए हैं, लेकिन आप जानते हैं कि कोलकाता में यह त्योहार कितना बड़ा है, तो इन सब बातों का ध्यान क्यों नहीं रखा गया? 19 जानें गईं, जो इतना गंभीर मामला है।”
ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास धान से भरे ट्रक द्वारा श्रद्धालुओं को रौंदने की घटना पर कांग्रेस नेता ने कहा, “इसकी जांच होनी चाहिए कि किन परिस्थितियों में ट्रक ड्राइवर ने गलती की, क्या वह नशे में था, क्या हुआ और क्या नहीं, और उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”
