SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘जानबूझकर देश का माहौल खराब कर रहे’; अभिजीत दिपके की सशर्त जमानत...

‘जानबूझकर देश का माहौल खराब कर रहे’; अभिजीत दिपके की सशर्त जमानत पर भाजपा

0
8

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के संस्थापक और संयोजक अभिजीत दिपके को सशर्त जमानत मिलने के बाद भाजपा नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन और प्रवक्ता अजय आलोक ने दिपके और उनके संगठन पर त्योहारों के दौरान व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया।

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “ये लोग त्योहारों के समय आम जनता को बुरी तरह परेशान कर रहे हैं। नवरात्रि से लेकर दीपावली और छठ तक, पूरे त्योहारों के दौरान लोग खरीदारी करते हैं, दुर्गा पूजा में शामिल होते हैं, रामलीला देखते हैं, गरबा/डांडिया खेलते हैं और पूरा देश उत्सव के माहौल में डूबा रहता है। लेकिन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने वाले ये लोग जानबूझकर देश के त्योहारों को खराब करना चाहते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “इन्हें पता है कि इन्हें जनता का कोई समर्थन हासिल नहीं है। मुट्ठी भर लोग आते हैं, मीडिया का ध्यान खींचते हैं और वहां की व्यवस्था बिगाड़कर चले जाते हैं। जब सरकार इनके खिलाफ कार्रवाई करती है, तो ये जमानत बॉन्ड पर दस्तखत करते हैं और फिर अपने वादों को तोड़ देते हैं।”

शाहनवाज हुसैन ने कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर भी दुख जताया। उन्होंने कहा, “कोलकाता में एक बहुत ही दुखद घटना घटी है, जिसमें 19 लोगों की जान चली गई और कई अन्य लोग घायल हो गए हैं। पश्चिम बंगाल सरकार ने मुआवजे की घोषणा की है। पीड़ितों के परिवारों के लिए दुख की इस घड़ी में, प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि वे उनके साथ खड़े हैं। यह घटना हम सभी के लिए बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है।”

उन्होंने कहा, “भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए पश्चिम बंगाल सरकार उचित इंतजाम करने के लिए प्रतिबद्ध है। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान हजारों-लाखों पंडाल लगाए जाते हैं, और पहले कभी ऐसी रुकावटें या दिक्कतें नहीं आती थीं। यह दुखद घटना भारी बारिश के कारण हुई है, और पीड़ितों के परिवारों को हर संभव मदद दी जा रही है।”

पटना में भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने भी कोलकाता भगदड़ पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुखद घटना है। श्रद्धालु पूरी तरह भक्ति में लीन थे, तभी यह हादसा हो गया। इससे ज्यादा दर्दनाक और क्या हो सकता है। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं, और जिनके परिजन घायल हुए हैं, हम उनके साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री कल रात से लगे हुए हैं। गृह मंत्री आज स्वयं गए हैं और घायलों से मुलाकात की है। पूरी कमेटी सस्पेंड कर दी गई है। गिरफ्तारियां भी हुई हैं, लेकिन सभी चीजों के बावजूद जान की कीमत कुछ नहीं हो सकती है। भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं हो, जिसके लिए कठोर योजना बनेगी।”

सीजेपी प्रमुख अभिजीत दिपके को मिली जमानत पर टिप्पणी करते हुए अजय आलोक ने कहा, “उन्हें सशर्त जमानत मिली है कि एक साल तक कोई उपद्रव नहीं करेंगे। अगर उन्होंने जमानत की शर्तों को तोड़ा तो सजा मिलेगी। इसमें कोई शक नहीं है। भले ही वह बाहर आ गए हैं, लेकिन बाहर आने लायक नहीं हैं।”