SGSU Advertisement
Home खेल आईएसएल: अजराई ने दागे 2 गोल, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने केरल ब्लास्टर्स को...

आईएसएल: अजराई ने दागे 2 गोल, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने केरल ब्लास्टर्स को 4-1 से हराया

0
6

गुवाहाटी, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2026-27 के 11वें मुकाबले में रविवार को नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने अलाएद्दीन अजराई (15वें और 70वें मिनट) के दो गोलों की मदद से केरल ब्लास्टर्स एफसी को 4-1 से हरा दिया। ‘हाइलैंडर्स’ (नॉर्थईस्ट यूनाइटेड) के लिए एंटोनियो मोयानो (45+4वें मिनट) और डेब्यूटेंट अमन सीके (82वें मिनट) ने भी गोल किए। लगातार दूसरी जीत के साथ, टीम अब लीग टेबल में सबसे ऊपर पहुंच गई है।

इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जुआन पेड्रो बेनाली की टीम ने 15वें मिनट में पहला गोल किया, जब एनेको सतरुस्तेगुई के सटीक पास पर अजराई गोल करने की स्थिति में आ गए। मोरक्को के इस खिलाड़ी ने कोई गलती नहीं की; उन्होंने केरल के गोलकीपर अर्श अनवर को छकाया और आसानी से गेंद को गोल में पहुंचा दिया। ‘हाइलैंडर्स’ लगातार दबाव बनाए हुए थे। जिथिन के एक हेडर को अर्श ने गोल के बाहर धकेल दिया, जिससे केरल ब्लास्टर्स मुकाबले में बनी रही।

केरल ब्लास्टर्स ने स्ट्राइकर आंद्रे ग्रीन के जरिए वापसी करने की कोशिश की, लेकिन 38वें मिनट में उनके प्रयास को सतरुस्तेगुई ने रोक दिया। कुछ ही पलों बाद, डिफेंडर अमे रानावडे ने एड्रियन लूना के क्रॉस को गोल में बदलने की कोशिश की, लेकिन वे नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के गोलकीपर गुरमीत सिंह को छकाने में नाकाम रहे।

पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में, एंटोनियो मोयानो ने गोल करके नॉर्थईस्ट यूनाइटेड की बढ़त को दोगुना कर दिया। अजराई का पहला शॉट होर्मिपम रुइवाह ने रोक दिया था, लेकिन उन्होंने फिर से गेंद पर कब्जा किया और स्पेनिश खिलाड़ी मोयानो को पास दिया, जिन्होंने गेंद को गोल के अंदर पहुंचा दिया।

हाफटाइम के दौरान केरल ब्लास्टर्स ने दो बदलाव किए। रानावडे और होर्मिपम की जगह कोरो और संदीप सिंह को मैदान पर उतारा, लेकिन इसके बाद भी नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने लगातार हमले जारी रखे। इस दौरान केरल के गोलकीपर अर्श ने मोयानो और जिथिन के प्रयासों को शानदार तरीके से बचाकर अपनी टीम को और गोल खाने से बचाया। ब्लास्टर्स ने खेल के प्रवाह के विपरीत जाकर अंतर कम किया। एक घंटे के खेल के समय, एड्रियन लूना के फ्लिक को यानसाने ने गुरमीत के बगल से एक लो ड्राइव शॉट के जरिए गोल में बदलकर स्कोर 2-1 कर दिया।

इसके कुछ ही देर बाद बेनाली की टीम ने फिर से दो गोल की बढ़त बना ली, जब अजारई ने कोरोऊ की खराब क्लीयरेंस का फायदा उठाते हुए इस शाम अपना दूसरा गोल किया। बॉक्स के किनारे से स्ट्राइकर के घुमावदार शॉट को अर्श ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वह गेंद को गोल से बाहर रखने में नाकाम रहे। इसके बाद अजारई और जिथिन को बाहर बुला लिया गया और उनकी जगह निकोला और अमन सीके मैदान पर आए। केरल ब्लास्टर्स ने भी अपनी टीम में बदलाव किया और विबिन मोहनन की जगह मोहम्मद सनन को मैदान पर उतारा।

नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने जीत सुनिश्चित कर दी, जब अमन ने मैकार्टन के पास को गोल में बदलकर टीम के लिए चौथा और आखिरी गोल किया और स्कोर 4-1 कर दिया। ब्लास्टर्स ने अंतर कम करने की पूरी कोशिश की, लेकिन हाईलैंडर्स ने उनके हर हमले का बखूबी जवाब दिया और अंतिम सीटी बजने तक अपनी बढ़त बरकरार रखी।