SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कानपुर के घाटमपुर में तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, गोली...

कानपुर के घाटमपुर में तार चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल

0
9

कानपुर, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। कानपुर के घाटमपुर सर्किल में नीबिया गांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कानपुर के डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि बीते दिनों घाटमपुर सर्किल में ट्रांसफार्मर से संबंधित उपकरण चोरी करने और बिजली के तार काटने की कई घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों ने पुलिस को क्षेत्र में चेकिंग और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में रविवार देर रात पुलिस टीम नीबिया गांव के आसपास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी नीबिया की ओर से एक वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन वाहन में सवार दो लोगों ने रुकने के बजाय वाहन छोड़ दिया और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए।

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान पवन के रूप में की है। आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर आया था और क्षेत्र में बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह में शामिल था। उसके खिलाफ लूट, डकैती, चोरी और तार चोरी समेत 10 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही, गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ में कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में बिजली के तार और ट्रांसफार्मर के उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।