SGSU Advertisement
Home राजनीति पुलिस स्मृति दिवस : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 21 अक्टूबर को...

पुलिस स्मृति दिवस : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 21 अक्टूबर को शहीद पुलिसकर्मियों को अर्पित करेंगे श्रद्धांजलि

0
6

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। गृह मंत्री एक मोटरसाईकल रैली को झंडा दिखाकर रवाना करेंगे, जिसमें राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों (जम्मू व कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली), केंद्रीय सशस्त्र बलों और कुछ केंद्रीय पुलिस संगठनों के लगभग 90 सवार होंगे।

यह रैली ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ के संदेश पर आयोजित एक देशव्यापी रैली का भाग है, जिसमें देशभर के सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों व केंद्रीय बलों के मोटरसाइकिल सवार एकता नगर, गुजरात पहुंच कर एकता परेड- 2026 में सम्मिलित होंगे।

21 अक्टूबर, 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में सशस्‍त्र चीनी टुकड़ी द्वारा घात लगाकर किए हमले में पुलिस के 10 वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। तब से प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। पुलिस कर्मियों द्वारा दिए गए बलिदान तथा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं एकता बनाए रखने में पुलिस की उत्‍कृष्‍ट भूमिका का सम्‍मान करते हुए प्रधानमंत्री ने पुलिस स्‍मृति दिवस, 2018 के अवसर पर चाणक्‍यपुरी, नई दिल्‍ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्‍मारक देश को समर्पित किया।

यह स्‍मारक पुलिस बलों में राष्‍ट्रीय पहचान, गर्व, उद्देश्‍यों में एकरूपता, एक समान इतिहास और भविष्‍य की भावना भरने के साथ-साथ उनकी इस प्रतिबद्धता को भी और सशक्त करता है कि उन्‍हें अपने प्राणों की कीमत पर भी देश की रक्षा करनी है। पुलिस स्‍मारक में एक केंद्रीय शिल्पकृति के अलावा ‘शौर्य की दीवार’ तथा एक संग्रहालय भी मौजूद है। केंद्रीय शिल्पकृति के रूप में मौजूद एक 30 फुट ऊंचा ग्रेनाइट का एकल पाषाण खंड पुलिस कर्मियों की शक्ति, विनम्रता और नि:स्‍वार्थ सेवा का प्रतीक है।

इसी प्रकार ‘शौर्य की दीवार’ जिस पर शहीदों के नाम उत्‍कीर्ण हैं, कर्तव्‍य के पथ पर अपने प्राण न्‍योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों की बहादुरी और बलिदान के अचल प्रतीक के रूप में उपस्थित है। संग्रहालय की संकल्‍पना में भारतीय पुलिस व्‍यवस्‍था के इतिहास और विकास यात्रा के दर्शन होते हैं। यह स्‍थान पुलिस बल और आम नागरिकों दोनों के मन में एक तीर्थ जैसा आदर रखता है। राष्ट्रीय पुलिस स्‍मारक आम जनता के लिए सोमवार के अलावा अन्‍य सभी दिन खुला रहता है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों द्वारा प्रत्‍येक शनिवार और रविवार को सूर्यास्‍त से एक घंटा पूर्व यहां बैंड, परेड और रिट्रीट समारोह का आयोजन भी किया जाता है।

विगत वर्षों की भांति ‘पुलिस स्‍मृति द‍िवस’ पर देशभर में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। मुख्‍य कार्यक्रम राष्ट्रीय पुलिस स्‍मारक में आयोजित किया जाएगा, जहां केंद्रीय सशस्‍त्र पुलिस बलों और दिल्‍ली पुलिस की एक संयुक्‍त परेड आयोजित की जाएगी। परंपरा के अनुरूप, इस कार्यक्रम की अध्‍यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में गृह राज्‍य मंत्री, पुलिस पृष्ठभूमि के सांसद, सीएपीएफ/सीपीओ प्रमुख तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शहीदों को पुष्‍पांजलि अर्पित करेंगे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त महानिदेशक, पुलिस समुदाय के अधिकारी तथा अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान, गृह मंत्री शहीदों को श्रद्धांजलि देने के अतिरिक्त उपस्थित जन समूह को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम हॉट स्प्रिंग्‍स के शहीदों को समर्पित वेदिका पर गृह मंत्री द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने के साथ संपन्न होगा।