हांसी, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिवाली के त्योहार को देखते हुए हरियाणा के फूड सेफ्टी विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए हांसी में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम ने शहर की तीन प्रमुख दुकानों पर जांच करते हुए मिठाइयों और दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
कार्रवाई के दौरान 150 साल पुरानी और अपने पेड़ों के लिए प्रसिद्ध लाला दुलीचंद की दुकान से सैंपल लिए गए। इसके अलावा बीकानेर मिष्ठान भंडार से भी तीन प्रकार की मिठाइयों के नमूने भरे गए। टीम ने एक दूध विक्रेता के यहां भी जांच कर दूध के सैंपल एकत्र किए।
अचानक हुई छापेमारी से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की। फूड एंड सेफ्टी अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शहर में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लिए गए सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं और उनकी रिपोर्ट लगभग 14 दिनों में आने की उम्मीद है। यदि जांच में कोई सैंपल मानकों पर खरा नहीं उतरता है, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सतीश कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या अन्य अनियमितता पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर भी विभाग कार्रवाई कर सकता है।
उन्होंने बताया कि दिवाली तक शहर के विभिन्न इलाकों में जांच और छापेमारी का अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का मुख्य उद्देश्य मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना तथा त्योहार के दौरान लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
