मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री दीया मिर्जा ने अपनी मशहूर फिल्म ‘रहना है तेरे दिल में’ के 25 साल पूरे होने पर यादों को ताजा किया। इस खास मौके पर उन्होंने दर्शकों को धन्यवाद देते हुए एक भावुक नोट साझा किया और कहा कि फिल्म को सालों तक इतना प्यार मिलने के लिए वह दिल से आभारी हैं।
दीया ने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें फिल्म की पुरानी तस्वीरें, पोस्टर और शूटिंग के दौरान की यादगार झलकियां शामिल थीं। फिल्म में उनके साथ आर. माधवन और सैफ अली खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
फिल्म में रीना के किरदार को याद करते हुए दीया ने लिखा कि अपने करियर के शुरुआती दौर की यह फिल्म आज भी दर्शकों के दिलों में उसी तरह बसी हुई है।
उन्होंने अक्टूबर 2001 के दिनों को याद करते हुए लिखा, “अखबारों में मेरा नाम ‘दीया’ और मैडी का नाम ‘माधवन’ अलग-अलग तरह से लिखा जाता था। हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि क्या शुरू होने वाला है। वहीं से हमारी मुलाकात हुई थी।”
शूटिंग के अनुभव को याद करते हुए अभिनेत्री ने कहा, “18-18 घंटे की शूटिंग, अनगिनत रीटेक, हंसी, थकान… लेकिन आज जब पीछे मुड़कर देखती हूं तो यह सब किसी जादू से कम नहीं लगता। और फिल्म के गाने 25 साल बाद भी वे हर जगह मेरा पीछा करते हुए नजर आते हैं।”
दर्शकों के प्यार के लिए आभार जताते हुए दीया ने लिखा, “सबसे ज्यादा जो चीज मेरे साथ रही, वह आपका प्यार है। आप इस फिल्म और इसके गीतों के साथ बड़े हुए और मैं आपके साथ बड़ी हुई।”
उन्होंने कहा, “हमने जिंदगी में बहुत कुछ देखा, प्यार किया, खोया और खुद को फिर से पाया। लेकिन मेरा एक हिस्सा हमेशा उस लड़की जैसा रहेगा, जो बारिश में नाचती थी और प्यार पर विश्वास करती थी। 25 साल बाद भी आप उसे अपने दिल में जगह दिए हुए हैं और मैं हमेशा आपको अपने दिल में रखूंगी।”
दीया ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “बारिश में नाचती वह 19 साल की लड़की पिछले 25 वर्षों में मिले आपके प्यार और स्नेह के लिए बेहद आभारी है।”
उन्होंने अपने संदेश का समापन फिल्म के लोकप्रिय शीर्षक को दोहराते हुए किया, “जैसा हमेशा… ‘रहना है तेरे दिल में’।”
‘रहना है तेरे दिल में’ 19 अक्टूबर 2001 को रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन गौतम वासुदेव मेनन और निर्माण वाशु भगनानी ने किया था। यह दीया मिर्जा की हिंदी सिनेमा में पहली फिल्म थी, वहीं आर. माधवन की आधिकारिक बॉलीवुड डेब्यू भी मानी जाती है।
फिल्म का संगीत हैरिस जयराज ने तैयार किया था। इसके लोकप्रिय गीत ‘जरा जरा’, ‘सच कह रहा है’ और ‘रहना है तेरे दिल में’ आज भी दर्शकों के बीच बेहद पसंद किए जाते हैं।
