SGSU Advertisement
Home मनोरंजन ‘सलमान खान बिश्नोई समाज से माफी मांग लें,’ टाइगर श्रॉफ पर हमले...

‘सलमान खान बिश्नोई समाज से माफी मांग लें,’ टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद अनूप जलोटा की अपील

0
6

मुंबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। भजन सम्राट अनूप जलोटा ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई हालिया फायरिंग की घटना पर दुख जताया। उनका मानना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अब सलमान खान को बिश्नोई समाज से माफी मांग लेनी चाहिए।

भजन गायक अनूप जलोटा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि काले हिरण शिकार विवाद को लेकर आहत हुए बिश्नोई समुदाय से सलमान की माफी ही इस दुश्मनी को खत्म करने का एकमात्र तरीका है। उन्होंने कहा, “इस घटना के बारे में पता चलने के बाद मुझे बहुत दुख हुआ। इसे रोकने का सिर्फ एक ही तरीका है कि सलमान खान को बिश्नोई समाज से माफी मांग लेनी चाहिए।”

गायक ने बताया कि उन्होंने पहले भी इस बात पर जोर दिया था कि बिश्नोई समाज को जो गहका दुख पहुंचा था, उसे दूर करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “मैंने यह बात पहले भी कही थी कि यह बहुत जरूरी है कि बिश्नोई समाज से माफी मांगी जाए, नहीं तो यह तकलीफें लोगों को आती रहेंगी। जो लोग सलमान खान के साथ काम करेंगे, उन्हें नुकसान पहुंचेगा, उनके परिवारों को भी तकलीफ होगी।”

उन्होंने आगे कहा कि सलमान को इस मामले को सुलझाने के लिए बड़ा कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा, “तो क्यों न इस सब को खत्म करने के लिए बिश्नोई समाज से माफी मांगने का एक पक्का फैसला लिया जाए? मैं यही चाहता हूं।”

गायक की यह टिप्पणी मुंबई के जुहू इलाके में रविवार की शाम को टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना के बाद नए सिरे से बढ़े तनाव के बीच आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अज्ञात हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और टाइगर के फुटबॉल मैच खेलकर निकलते ही उनकी कार पर फायरिंग कर दी। इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक राहगीर को गोली लग गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।