गांधीनगर, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। आगामी वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के अंतर्गत वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करने के लिए जापान दौरे पर गए गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने मंगलवार को टोक्यो में विश्व की अग्रणी स्टील उत्पादक कंपनी ‘निप्पॉन स्टील कॉर्पोरेशन’ का दौरा किया।
निप्पॉन स्टील के मुख्यालय में उप मुख्यमंत्री ने कंपनी के अध्यक्ष ईजी हाशिमोतो के साथ शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद कंपनी के मैनेजिंग एग्जीक्यूटिव ऑफिसर हिदेकी ओगावा सहित उच्च अधिकारियों के साथ आयोजित वन टू वन बैठक में गुजरात में स्टील उत्पादन क्षमता बढ़ाने और भविष्य में विस्तार की संभावनाओं को लेकर विस्तृत एवं फलदायी चर्चा की गई।
उप मुख्यमंत्री ने गुजरात में उपलब्ध विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर, पोर्ट कनेक्टिविटी और उद्योग-अनुकूल वातावरण की जानकारी देते हुए निप्पॉन स्टील को गुजरात के साथ अपनी साझेदारी और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
बता दें कि गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोमवार को जापानी उद्योगपतियों और निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने विशेष रूप से सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर जोर दिया।
ओसाका में आयोजित एक उच्चस्तरीय राउंडटेबल बैठक में हर्ष संघवी ने जापानी उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ रणनीतिक साझेदारी और नए निवेश अवसरों पर चर्चा की। यह बैठक आगामी वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट से पहले गुजरात और जापान के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
संघवी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “जापान उगते सूरज की धरती है और गुजरात उभरते अवसरों की धरती है।” उन्होंने भारत और जापान के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों का उल्लेख करते हुए व्यापार, प्रौद्योगिकी और उद्योग के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि भारत और जापान के संबंध केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पारस्परिक विश्वास, सम्मान, साझा मूल्यों और सांस्कृतिक जुड़ाव पर भी आधारित हैं। संघवी ने दोनों देशों के संबंधों को पुरानी और मजबूत मित्रता बताते हुए कहा कि आर्थिक सहयोग को और आगे बढ़ाने की काफी संभावनाएं मौजूद हैं।
उन्होंने गुजरात की आर्थिक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य देश की कुल आबादी का लगभग पांच प्रतिशत हिस्सा है, लेकिन भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में उसका योगदान आठ प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने बताया कि गुजरात देश के कुल औद्योगिक उत्पादन का लगभग 18 प्रतिशत योगदान देता है, जबकि भारत के करीब एक-तिहाई निर्यात की उत्पत्ति भी इसी राज्य से होती है।
