SGSU Advertisement
Home राजनीति यूपी में 2047 तक सपा जनता का भरोसा नहीं जीत पाएगी: केशव...

यूपी में 2047 तक सपा जनता का भरोसा नहीं जीत पाएगी: केशव प्रसाद मौर्य

0
6

अयोध्या, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह दिल्ली, हरियाणा, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और असम में भाजपा को सफलता मिली है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी कमल खिलेगा और भाजपा लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

अयोध्या पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वर्ष 2047 तक समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की जनता का भरोसा नहीं जीत पाएगी। उन्होंने दावा किया कि देश में कांग्रेस और राहुल गांधी की सत्ता में वापसी नहीं होगी, जबकि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव भी सत्ता में नहीं आएंगे।

अखिलेश यादव के एक बयान पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण ने समाजवाद के सच्चे आदर्शों को कायम रखा था। जो लोग गुंडों को संरक्षण देते हैं, वे समाजवादी नहीं हो सकते। उन्होंने सपा पर कुछ वर्गों को खुश करने की राजनीति करने और भगवान राम के भक्तों पर गोली चलवाने तथा भगवान शिव के भक्तों पर लाठीचार्ज करवाने का आरोप भी लगाया।

उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि दंगाइयों को बचाने वाले लोग समाजवादी, राष्ट्रवादी या हिंदू राष्ट्रवादी होने का दावा नहीं कर सकते। उन्होंने अखिलेश यादव से कहा कि वे अपने बयानों के जरिए अयोध्या की जनता को गुमराह करने की कोशिश न करें, क्योंकि उन्हें इसमें सफलता नहीं मिलेगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या धाम आना सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी की माताजी का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। वह शोकसभा में शामिल होने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए अयोध्या पहुंचे थे।

उन्होंने कहा कि विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है और उन्हें पूरा विश्वास है कि भाजपा सभी 11 सीटों पर जीत हासिल करेगी, जबकि समाजवादी पार्टी का सफाया हो जाएगा।

मौर्य ने यह भी दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या सीट पर सपा की जीत के बाद पार्टी में जो अहंकार आया है, वह जल्द ही टूट जाएगा। उन्होंने सपा पर नकली समाजवाद का चोला पहनकर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।