SGSU Advertisement
Home खेल एशियन पैरा गेम्स: तैराकी में हिमांशु नंदल ने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में...

एशियन पैरा गेम्स: तैराकी में हिमांशु नंदल ने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में जीता ब्रॉन्ज, रवि ने सिल्वर पर जमाया कब्जा

0
7

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन पैरा गेम्स 2026 में बुधवार को तैराकी में हिमांशु नंदल ने दूसरा मेडल अपने नाम किया। हिमांशु ने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी11 इवेंट में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं, रवि कार्तिक सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहे।

हिमांशु ने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक रेस को 1:20.72 के समय में पूरा करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। हिमांशु ने मंगलवार को पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल एस11 स्पर्धा में भी ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। उन्होंने 5 मिनट 10.91 सेकंड का समय निकालकर पोडियम पर अपनी जगह बनाई थी। एशियन पैरा गेम्स 2023 में 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक को पूरा करने के लिए हिमांशु ने 1:32.05 का समय लिया था और वह छठे स्थान पर रहे थे।

हालांकि, 2026 में उन्होंने अपनी स्थिति में 3 स्थान और समय में 11.33 सेकंड का सुधार किया। ऑप्टिक नर्व (दृष्टि तंत्रिका) की खराबी के कारण जन्म से ही दृष्टिहीन, नंदन ने भारत के होनहार दृष्टिबाधित तैराकों में से एक के रूप में अपनी पहचान बनाई है। हिमांशु 22 अक्टूबर 2026 को पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस11 स्पर्धा में हिस्सा लेंगे।

वहीं, रवि कार्तिक बुडिगिना ने तैराकी के 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एस13 इवेंट में सिल्वर मेडल को अपने नाम किया। उन्होंने इस रेस को पूरा करने के लिए 1:10.10 का समय लिया। रवि कार्तिक 22 अक्टूबर 2026 को पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। रवि कार्तिक पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में 5:41.70 के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे थे। रवि ने सोमवार को 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।

एशियन पैरा गेम्स में पहली बार हिस्सा ले रहे रोहित कुमार ने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी4 इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। रोहित ने रेस को पूरा करने के लिए 1:57.25 का समय लिया। भारत का प्रदर्शन अब तक टूर्नामेंट में शानदार रहा है। देश की झोली में अब तक कुल 62 मेडल आ चुके हैं, जिसमें 14 गोल्ड, 22 सिल्वर और 26 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।