नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) ने कार्यकारी और निश्चित अवधि अनुबंध (एफटीसी) आधार पर अतिरिक्त मुख्य प्रबंधक (एडिशनल चीफ मैनेजर) सहित विभिन्न 11 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक विज्ञापन प्रकाशित करके आवेदन मांगे हैं।
एचयूआरएल की ओर से जारी 11 रिक्तियों में अतिरिक्त मुख्य प्रबंधक, वरिष्ठ प्रबंधक और प्रबंधक (अमोनिया) का 1; वरिष्ठ प्रबंधक और प्रबंधक (अनुबंध और सामग्री) का 1; उप प्रबंधक और सहायक प्रबंधक (अनुबंध और सामग्री) के 2; सहायक प्रबंधक और वरिष्ठ इंजीनियर (मैकेनिकल) के 2; उप प्रबंधक (यूरिया) और सहायक प्रबंधक का 1; अतिरिक्त मुख्य प्रबंधक, वरिष्ठ प्रबंधक और प्रबंधक (यूरिया) का 1; वरिष्ठ प्रबंधक और प्रबंधक (सुरक्षा – एफटीसी) का 1; और उप प्रबंधक, सहायक प्रबंधक और ऑफिसर (चिकित्सा – एफटीसी) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 अक्टूबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एचयूआरएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ पूर्णकालिक नियमित इंजीनियरिंग डिग्री अमोनिया विषय के लिए केमिकल/केमिकल टेक्नोलॉजी में, अनुबंध और सामग्री के लिए किसी भी विशेषज्ञता में पूर्णकालिक नियमित इंजीनियरिंग डिग्री या पूर्णकालिक नियमित एमबीए (मटेरियल्स मैनेजमेंट) या मटेरियल्स मैनेजमेंट में पीजी डिप्लोमा (2 वर्ष का नियमित कोर्स), मैकेनिकल के लिए पूर्णकालिक नियमित मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री, यूरिया के लिए केमिकल/केमिकल टेक्नोलॉजी में पूर्णकालिक नियमित इंजीनियरिंग डिग्री, सुरक्षा के लिए पूर्णकालिक नियमित ग्रेजुएशन के साथ सशस्त्र बलों/अर्धसैनिक बलों/पुलिस में कम से कम 5 वर्षों के अनुभव वाला कमीशंड अधिकारी रहा हो/सीएपीएफ में क्लास I अधिकारी रहा हो। वहीं, चिकित्सा के लिए एमबीबीएस डिग्री के साथ ही कम से कम 3 महीने की ‘इंडस्ट्रियल हेल्थ’ प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र या ‘इंडस्ट्रियल हेल्थ’ में डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा, उम्मीदवारों के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 4 से 16 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 32 से 55 वर्षों के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 30 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग और स्क्रीनिंग टेस्ट या लिखित परीक्षा या ट्रेड टेस्ट या कौशल परीक्षा (जैसा उचित समझा जाए), साक्षात्कार और शारीरिक फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 40,000 से 2,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
बता दें कि हिंदुस्तान उर्वरक एंड रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) एक संयुक्त उद्यम कंपनी है, जिसे इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), एनटीपीसी लिमिटेड (एनटीपीसी) और कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने फर्टिलाइजर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एफसीआईएल) तथा हिंदुस्तान फर्टिलाइजर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचएफसीएल) के साथ मिलकर स्थापित किया है। इसका मुख्य उद्देश्य गोरखपुर (उत्तर प्रदेश), सिंदरी (झारखंड) और बरौनी (बिहार) में अत्याधुनिक, पर्यावरण के अनुकूल और ऊर्जा-कुशल प्राकृतिक गैस आधारित उर्वरक कॉम्प्लेक्स (अमोनिया-यूरिया) स्थापित करना और उनका संचालन करना है।
