SGSU Advertisement
Home खेल एशियन पैरा गेम्स: भाविना और शुभम ने मिक्स्ड डबल्स टेबल टेनिस में...

एशियन पैरा गेम्स: भाविना और शुभम ने मिक्स्ड डबल्स टेबल टेनिस में देश के लिए जीता ब्रॉन्ज मेडल

0
9

नागोया, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत की भाविना पटेल और शुभम वाधवा ने गुरुवार को ‘एशियन पैरा गेम्स 2026’ में मिश्रित युगल एक्सडी7 टेबल टेनिस स्पर्धा का ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें साउथ कोरियाई जोड़ी जांग येओंगजिन और ली मिग्यू के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी को 6-11, 11-8, 5-11, 8-11 से शिकस्त मिली, जिसके साथ ही उनका सफर समाप्त हो गया। हालांकि, क्वार्टरफाइनल में मिली जीत से ही उनका मेडल सुनिश्चित हो गया था।

भाविना और शुभम ने क्वार्टरफाइनल में जापान की किमी बेशो और मासानोरी ऊनो के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। भारतीय जोड़ी ने 11-9, 11-3, 11-6 से जीत दर्ज की और सीधे गेमों में जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।

साउथ कोरियाई जोड़ी के खिलाफ उनका मुकाबला काफी कठिन रहा। दूसरे गेम में पिछड़ने के बाद जांग और ली ने वापसी की और मैच पर अपना नियंत्रण बना लिया। हार के बावजूद, भारतीय जोड़ी ने एक्सडी7 कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल के साथ अपना सफर पूरा किया। इस कैटेगरी में ऐसे व्हीलचेयर एथलीट शामिल होते हैं, जिनका बैठने का संतुलन मध्यम स्तर का होता है।

वहीं दूसरी ओर, मिक्स्ड डबल्स एक्सडी17 इवेंट में भारत के दत्ताप्रसाद चौगुले और सविता सेमीफाइनल में पहुंचने से चूक गए। उन्हें फिलीपींस के विलफ्रेड रेडुल्ला और मैंगिनसे ले के खिलाफ पांच गेमों के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

भारतीय जोड़ी ने अच्छी शुरुआत की और शुरुआती दो गेम 11-9, 11-9 से अपने नाम किए। हालांकि, फिलीपींस की जोड़ी ने वापसी करते हुए अगले तीन गेम 11-2, 11-6, 11-5 से जीत लिए। इस तरह उन्होंने 3-2 से जीत दर्ज की और इस इवेंट में भारत के सफर को समाप्त कर दिया।

एक्सडी17 श्रेणी में आमतौर पर ऐसे टेबल टेनिस खिलाड़ी शामिल होते हैं जो खड़े होकर खेल सकते हैं और जिनके हाथों या पैरों से दिव्यांग होते हैं। इस वर्ग में क्लास 6 से 10 तक के खिलाड़ी शामिल किए जाते हैं, जिनकी शारीरिक चुनौतियां अलग-अलग स्तर की होती हैं, लेकिन वे खड़े होकर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम होते हैं। हालांकि, चौगुले और सविता आगे नहीं बढ़ सके, लेकिन भविना और शुभम के पोडियम तक पहुंचने से भारत के पदकों की संख्या में और इजाफा हुआ।