राजकोट, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद तरुण चुघ ने मंगलवार को पंजाब सरकार पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और सीएम भगवंत मान जनता को राहत दिलाने में विफल रहे हैं।
राजकोट में मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद तरुण चुघ ने कहा, “पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। आम आदमी पार्टी अराजकता फैलाने वालों और अपराधियों के लिए एक सुरक्षित ठिकाना बन गई है। कुछ लोग इसे ‘आपदा पार्टी’ कहते हैं, तो कुछ इसे ‘अराजक अपराधी पार्टी’ कह रहे हैं। अगर हम भगवंत मान सरकार के कार्यकाल को देखें, तो यहां हर दिन लगभग दो से तीन हत्याएं हो रही हैं। 23 पुलिस थानों पर ग्रेनेड से हमले हुए हैं। पुलिस अधिकारियों की वर्दी में ही हत्या की जा रही है और इसके वीडियो सोशल मीडिया पर डाले जा रहे हैं। पंजाब इस समय बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति से गुजर रहा है।
भाजपा सांसद ने दावा किया कि पंजाब के अंदर पुलिस मुख्यालय पर हमला होता है। पुलिस की ओर से बयान जारी होता है कि खाकी डालकर घर न जाएं। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जिनके हाथों जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, वह खुद की सुरक्षा भी नहीं कर पा रहे हैं। सरकारी तंत्र और माफिया तंत्र एक साथ मिलकर पंजाब को लूट रहे हैं। पंजाब में लगातार हत्याएं हो रही हैं और प्रदेश बहुत बुरी स्थिति में पहुंच चुका है। आम आदमी पार्टी की सरकार जनता को राहत देने में विफल रही है।
इंडिया ब्लॉक की रैली और राहुल गांधी के बयान पर चुघ ने कहा कि राहुल गांधी अपने विदेशी आकाओं को खुश करने के लिए देश के लोकतंत्र, न्यायपालिका, संसद और अन्य संस्थानों को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी चुनाव आयोग के खिलाफ गलतफहमियां फैलाते हैं, कभी कहते हैं कि ईवीएम खराब हैं, कभी कहते हैं कि वोट चोरी हो गए तो कभी कहते हैं कि एसआईआर गलत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और गांधी-नेहरू परिवार के पाप बहुत बड़े हैं और ये पाप लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। इन पापों का जवाब जनता समय-समय पर वोट की चोट से देती रही है और आगे भी करारा जवाब मिलता रहेगा।
पीएम मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर चुघ ने कहा कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व के चेहरों पर लगातार हार, हताशा और निराशा साफ झलक रही है। पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्द कहना ठीक नहीं है। खड़गे का बयान दिखाता है कि कांग्रेस नेतृत्व कितना हताश है।
