SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय यूपी एमएलसी चुनाव: मेरठ की दोनों सीटों पर भाजपा का कब्जा, मतगणना...

यूपी एमएलसी चुनाव: मेरठ की दोनों सीटों पर भाजपा का कब्जा, मतगणना के दौरान कई जगहों पर हंगामा

0
3

लखनऊ, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी ताकत का संकेत माने जा रहे विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना के बीच मेरठ की दोनों सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा और स्नातक सीट पर दिनेश गोयल ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को हराकर लगातार दूसरी बार इन सीटों पर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा।

वहीं, मतगणना के दौरान लखनऊ और झांसी में हंगामे की घटनाएं सामने आईं। वाराणसी शिक्षक सीट पर पहले दौर की गिनती में सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव आगे चल रहे हैं। प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुई वोटों की गिनती प्रदेश के सात जिलों में कराई जा रही है।

चुनाव लखनऊ, वाराणसी, आगरा और मेरठ के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के अलावा इलाहाबाद-झांसी स्नातक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हुआ है। मेरठ में भाजपा ने शिक्षक और स्नातक, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में अपने मौजूदा विधान परिषद सदस्यों पर भरोसा जताया था। दोनों प्रत्याशियों ने सपा उम्मीदवारों को हराकर पार्टी का कब्जा कायम रखा। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने सपा प्रत्याशी नितिन तोमर को 13,241 मतों से पराजित किया। श्रीचंद शर्मा को 18,099 वोट मिले, जबकि नितिन तोमर के खाते में 4,858 वोट आए।

वहीं, मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के दिनेश गोयल ने सपा प्रत्याशी प्रमेंद्र भाटी को 12,855 मतों के अंतर से हराया। दिनेश गोयल को 24,928 वोट मिले, जबकि प्रमेंद्र भाटी को 12,073 मत प्राप्त हुए। दोनों सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा के प्रत्याशियों के बीच रहा। शिक्षक संगठनों से जुड़े प्रत्याशी इन सीटों पर प्रमुख मुकाबले में जगह नहीं बना सके। प्रशासन की ओर से देर रात जीत की औपचारिक घोषणा की गई, जबकि प्रत्याशियों के समर्थक शाम करीब सात बजे से ही जीत का जश्न मनाने लगे थे।

लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर रैली स्थल पर मंगलवार रात करीब 10 बजे भाजपा प्रत्याशी के कुछ समर्थकों के मतगणना परिसर में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान हंगामा हो गया। वहां मौजूद सपा प्रत्याशियों के समर्थकों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी बिना पास की जांच किए भाजपा कार्यकर्ताओं को अंदर जाने दे रहे हैं। इसको लेकर गेट पर शोर-शराबा हुआ और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसके अलावा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सातवीं टेबल पर मतगणना के दौरान भाजपा और सपा समर्थकों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।

सूचना मिलने पर पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद प्रवेश द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पास की जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के दौरान भी मंगलवार रात करीब 10 बजे हंगामा हुआ। इससे मतगणना स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर एसपी सिटी प्रिया सिंह मौके पर पहुंचीं और स्थिति संभाली। उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। एसपी सिटी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। हंगामे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पहले दौर की मतगणना पूरी होने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव आगे चल रहे हैं। अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी मतगणना जारी रहने के बीच सभी की नजरें नतीजों पर टिकी हैं।