नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अपने करियर के उस मुकाम पर हैं, जहां वह हर मैच के साथ ही कोई न कोई बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार (4 नवंबर) को होने वाले वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भी विराट के पास एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका होगा।
दरअसल, विराट कोहली वनडे में नंबर तीन की पोजीशन पर खेलते हुए अब तक 305 पारियों में 12,988 रन बना चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ अगर पहले वनडे मुकाबले में विराट 12 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह इस पोजीशन पर खेलते हुए 13 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज रिकी पोंटिंग मौजूद हैं, जिन्होंने 365 पारियों में 12,662 रन बनाए हैं। वनडे क्रिकेट में किसी एक पोजीशन पर खेलते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 15,310 रन बनाए हैं।
विराट कोहली अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में एक शतक लगाने में सफल रहते हैं, तो वो लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे। कोहली और सचिन ने अभी तक लिस्ट-ए क्रिकेट में 60-60 शतक लगाए हैं। कोहली का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ 50 ओवर की क्रिकेट में शानदार रहा है।
विराट ने 36 मुकाबलों में न्यूजीलैंड के खिलाफ 57 की दमदार औसत से खेलते हुए 1,897 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 7 शतक और 10 अर्धशतक लगाए हैं। विराट न्यूजीलैंड के खिलाफ 154 रनों की नाबाद पारी भी खेल चुके हैं। न्यूजीलैंड में कोहली ने कुल 11 वनडे मैच खेले हैं और इस दौरान 46 की औसत से खेलते हुए 514 रन बनाए हैं।
न्यूजीलैंड की सरजमीं पर कोहली एक शतक और 4 अर्धशतक लगा चुके हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को खेला जाना है, जबकि दूसरा मैच 7 और तीसरा मुकाबला 10 नवंबर को खेला जाएगा। सीरीज का चौथा वनडे 13 और आखिरी एकदिवसीय मुकाबला 15 नवंबर को खेला जाना है।
