सोफिया, 2 नवंबर (आईएएनएस)। बुल्गारिया की मौजूदा राष्ट्रपति इलियाना योतोवा रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर में जीत की ओर बढ़ती दिख रही हैं। सरकारी प्रसारक बल्गेरियन नेशनल टेलीविजन पर जारी एग्जिट पोल में उन्हें पूर्व कार्यवाहक प्रधानमंत्री आंद्रेई गुरोव के मुकाबले स्पष्ट बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है।
अल्फा रिसर्च के एग्जिट पोल के अनुसार, योतोवा को 52.5 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है, जबकि गुरोव को 43.4 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। वहीं, 4.1 प्रतिशत मतदाताओं ने ‘किसी का समर्थन नहीं’ करने का विकल्प चुना।
मायारा सोशियोलॉजी एजेंसी के सर्वेक्षण में भी योतोवा आगे हैं। इसके मुताबिक, उन्हें 51.1 प्रतिशत और गुरोव को 44.6 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। इस सर्वेक्षण में 4.3 प्रतिशत लोगों ने किसी भी उम्मीदवार का समर्थन नहीं किया।
चुनाव के आधिकारिक नतीजे बुधवार तक घोषित किए जाने हैं। बुल्गारिया के संविधान अनुसार, सबसे अधिक वोट हासिल करने वाला उम्मीदवार राष्ट्रपति चुनाव जीतता है। देश में राष्ट्रपति का चुनाव सीधे जनता करती है और उनका कार्यकाल पांच साल का होता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, दूसरे दौर के मतदान में करीब 66 लाख मतदाताओं के हिस्सा लेने की उम्मीद थी।
62 वर्षीय योतोवा के साथ किरिल वालचेव उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं, जबकि गुरोव ने जॉर्जी कांदेव को अपना सहयोगी बनाया है। गुरोव बुल्गारिया स्थित अमेरिकन यूनिवर्सिटी के वित्त विभाग में सहायक प्रोफेसर भी हैं।
योतोवा 2016 और 2021 में दो बार उपराष्ट्रपति चुनी गई थीं। उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति रुमेन रादेव के साथ काम किया। इस साल जनवरी में रादेव के इस्तीफे के बाद बुल्गारियाई संविधान के प्रावधानों के तहत उन्होंने राष्ट्रपति पद संभाला था।
राष्ट्रपति बनने से पहले वह 2000 से 2016 तक बल्गेरियन सोशलिस्ट पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की सदस्य रहीं। इसके अलावा उन्होंने बुल्गारिया की संसद और यूरोपीय संसद में भी काम किया है।
25 अक्टूबर को हुए पहले दौर के मतदान में योतोवा-वालचेव की जोड़ी 34.76 प्रतिशत वोट हासिल कर 27 उम्मीदवार जोड़ियों में पहले स्थान पर रही थी। उन्हें सत्तारूढ़ प्रोग्रेसिव बुल्गारिया पार्टी और बल्गेरियन सोशलिस्ट पार्टी सहित कई दलों का समर्थन प्राप्त है।
वहीं, गुरोव-कांदेव की जोड़ी 31.95 प्रतिशत वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही थी। इस जोड़ी को वी कंटिन्यू द चेंज और डेमोक्रेटिक बुल्गारिया सहित अन्य दलों का समर्थन मिला था।
