SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय चक्रवात ‘मुरासु’ को लेकर ओडिशा के गजपति में प्रशासन सतर्क, जिला कलेक्टर...

चक्रवात ‘मुरासु’ को लेकर ओडिशा के गजपति में प्रशासन सतर्क, जिला कलेक्टर ने दी जानकारी

0
7

गजपति, 2 नवंबर (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात ‘मुरासु’ को लेकर ओडिशा के गजपति जिले में जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार यह चक्रवात आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है, लेकिन इसका असर ओडिशा के गजपति जिले में भी देखने को मिल सकता है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

यह इलाका अभी चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया है कि एक और चक्रवात का खतरा मंडराने लगा है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता।

जिला प्रशासन ने बताया कि जिले में 500 से अधिक अस्थायी चक्रवात आश्रय स्थल तैयार किए गए हैं। निचले और जोखिम वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा, भूस्खलन की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के लिए विशेष उपकरण लगाए गए हैं, ताकि समय रहते लोगों को चेतावनी दी जा सके। आपदा प्रबंधन के लिए ओडीआरएएफ, एनडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

गजपति के जिला कलेक्टर अक्षय सुनील अग्रवाल ने तैयारियों को लेकर जानकारी देते हुए कहा, “हमारी तैयारियां लगातार चल रही हैं। बंगाल की खाड़ी में मुरासु नामक चक्रवात का अनुमान लगाया गया है, जो आंध्र कोस्ट से टकराएगा। इसका असर गजपति जिले में भी पड़ सकता है।”

उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने जिले के लिए आज और कल के लिए येलो वार्निंग जारी की है, जबकि 4 और 5 तारीख के लिए ऑरेंज वार्निंग जारी की गई है।

कलेक्टर ने कहा, “हमने इसके अनुसार अपना इवैक्यूएशन प्लान तैयार कर लिया है। साइक्लोन शेल्टर को तैयार रखा गया है और लोगों के बीच माइक के जरिए अनाउंसमेंट और जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। ब्लॉक स्तर का प्रशासन पूरी तरह से सजग है।”

उन्होंने आगे बताया कि जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग ब्लॉकों में तैनात किया गया है, जो लगातार वहां की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सुरक्षित आश्रय स्थलों में पहुंचाया जाएगा।

कलेक्टर ने बताया, “हमारे जिले में फिलहाल एक ओडीआरएएफ, एक एनडीआरएफ और 12 फायर ब्रिगेड की टीमें मौजूद हैं। सरकार ने हमें एक और ओडीआरएएफ की टीम दी है, जो आज जिले में रिपोर्ट करेगी।”

स्कूलों में छुट्टी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तक स्कूलों को बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। आज की बारिश की स्थिति को देखते हुए इस पर फैसला लिया जाएगा।