मुंबई, 3 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता ईशान खट्टर की रोमांटिक ड्रामा सीरीज ‘द रॉयल्स’ के सीजन 2 की शूटिंग शुरू हो गई है। मोरपुर फैमिली अपनी शानदार केमिस्ट्री, उलझे हुए रिश्तों और बड़े ड्रामे के साथ वापसी के लिए तैयार है, जिसने सीजन 1 को दुनियाभर में चर्चा का विषय बना दिया था।
सीजन 1 ने मॉडर्न इंडियन रॉयल्टी की एक नई और ग्लैमरस झलक दिखाई थी और दुनियाभर के दर्शकों का दिल जीता था। यह पहली इंडियन सीरीज बनी, जिसने नेटफ्लिक्स के ग्लोबल टॉप 10 नॉन-इंग्लिश टीवी शोज में 58 देशों में ट्रेंड किया था। इस सीरीज ने वीकली ग्लोबल रैंकिंग में तीसरा स्थान हासिल किया था और भारत समेत सात देशों में नंबर वन पर रही थी।
फैंस अपने पसंदीदा चेहरों की वापसी का इंतजार कर सकते हैं, जिनमें ईशान खट्टर, जीनत अमान, साक्षी तंवर, विहान समत और काव्या त्रेहान अपने उन किरदारों में फिर से नजर आएंगे, जिन्हें दर्शकों ने खूब प्यार दिया था। इसके साथ ही नए सीजन को नित्या मेहरा और तनुज चोपड़ा डायरेक्ट करेंगे।
नए सीजन के बारे में बात करते हुए शो के क्रिएटर्स रंगिता प्रीतिश नंदी और इशिता प्रीतिश नंदी ने कहा, “मोरपुर ने साफ तौर पर महल की दीवारों से कहीं आगे, दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है। हम इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकते हैं। भारत समेत पूरी दुनिया से जो हमारी सीरीज को दर्शकों की ओर से प्यार मिला है, उसे हम शब्दों से बयां नहीं कर सकते हैं। हम बड़े-बड़े किरदारों, उलझे हुए रिश्तों और एक ऐसी फैमिली की इस दुनिया में वापस आने के लिए एक्साइटेड हैं, जिसमें सरप्राइज की कभी कमी नहीं होती।”
उन्होंने कहा, “सीजन 2 के साथ हम कहानी को आगे ले जाने, दर्शकों के पसंदीदा किरदारों को वापस लाने और रोमांस, ह्यूमर और फैमिली ड्रामा को और भी बढ़ाने के लिए तैयार हैं। मोरपुर में एक्सप्लोर करने के लिए अभी बहुत कुछ है। हम चाहते हैं कि दर्शक प्यार, हंसी और शाही एंटरटेनमेंट से भरपूर एक और सीजन के लिए हमारे साथ जुड़ें।”
नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने कहा, “सीजन 2 के बारे में सबसे एक्साइटिंग बात यह है कि हमें मोरपुर की दुनिया में और गहराई से जाने का मौका मिलेगा, साथ ही कहानी का दायरा भी बढ़ेगा, जहां नए रिश्ते, नई राइवलरी और नए किरदार कहानी में एक नई एनर्जी लाएंगे। रंगिता और इशिता नंदी ने एक ऐसी दुनिया बनाई है, जो एक मिनट में ग्लैमरस लगती है और अगले ही पल हंसा-हंसाकर लोटपोट कर देती है और इस सीजन में तनुज चोपड़ा और नित्या मेहरा के डायरेक्शन के साथ, हम इस दिल, ह्यूमर और ड्रामा के मिक्स को अगले लेवल पर जाते हुए देखने के लिए एक्साइटेड हैं।”
