SGSU Advertisement
Home राजनीति राजस्थान : श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध धमाका, पटरी उड़ाने...

राजस्थान : श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध धमाका, पटरी उड़ाने की कोशिश की आशंका

0
7

श्रीगंगानगर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर मंगलवार देर रात संदिग्ध धमाके की घटना सामने आई है। गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक के बीच हुए इस संदिग्ध धमाके से पटरी के नीचे बने सीमेंट के दो पिलर क्षतिग्रस्त हो गए।

धमाके की तीव्रता इतनी थी कि पिलरों के अंदर लगा सरिया बाहर निकल आया। घटना के बाद रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद घटनास्थल पर जांच करने पर पटरी के नीचे बने सीमेंट के दो पिलर टूटे हुए मिले। दोनों पिलरों को काफी नुकसान पहुंचा है और उनका सरिया बाहर दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया गया है।

एसपी ने कहा कि फिलहाल घटना को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पूरे मामले की जांच के लिए टीम बनाई जा रही है, जो जल्द ही मामले का खुलासा करेगी। इसमें जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनकी जल्द गिरफ्तारी होगी।

बता दें कि कुछ दिन पहले सीमावर्ती क्षेत्र में करीब साढ़े सात किलो आरडीएक्स बरामद किया गया था। इस बरामदगी के बाद रेलवे ट्रैक के पास हुई संदिग्ध घटना को लेकर भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि रेलवे ट्रैक के पास पिलर किस वजह से क्षतिग्रस्त हुए। एफएसएल टीम की जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल रेलवे मार्ग की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।