SGSU Advertisement
Home मनोरंजन सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ का दूसरा गाना ‘ढोला जी’ रिलीज, श्रेया...

सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ का दूसरा गाना ‘ढोला जी’ रिलीज, श्रेया घोषाल और जावेद अली की आवाज का दिखा जादू

0
15

मुंबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आने वाली फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ के नए गाने ‘ढोला जी’ रिलीज हो गया है। इस गाने के लिए श्रेया घोषाल, जावेद अली और स्वरूप खान एक साथ आए। गाने में राजस्थानी लोक संगीत और हिंदी फिल्मों की आधुनिक धुनों का खूबसूरत मेल है।

जी म्यूजिक कंपनी ने फिल्म का दूसरा गाना ‘ढोला जी’ रिलीज किया है। इससे पहले फिल्म का पहला गाना ‘सुनियो जरा’ रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। नए गाने में राजस्थान की लोक संगीत परंपरा को आधुनिक संगीत के साथ पेश किया गया।

जावेद अली ने कहा, ”नए गाने ‘ढोला जी’ में रोमांस, अपनापन और खुशी के मौके पर लोगों के एक साथ आने की भावना है। किसी भी गाने के बोलों में छिपा भाव ही उसकी धुन को लोगों से जोड़ता है। इस गाने में उस भावना को खुलकर सामने आने का मौका मिला है। चार आवाजों का एक साथ आना इसके जश्न वाले अहसास को और खास बनाता है।”

वहीं, स्वरूप खान ने राजस्थानी लोक संगीत की तारीफ करते हुए कहा कि इसकी धुनों में एक खास अपनापन होता है, जो लोगों को अपने घर जैसा महसूस कराता है। उन्होंने कहा, ”राजस्थानी लोक संगीत में एक ऐसी गर्मजोशी है, जो लोगों को अपनेपन का एहसास कराती है। ‘ढोला जी’ में भी यही भावना है। ऐसे बड़े स्तर पर इस संगीत परंपरा का जश्न मनाने वाले गाने का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं चाहूंगा कि यह गाना परिवार के साथ होने वाले कार्यक्रमों और शादियों में बजे, लोग इसे साथ गाएं और इसे अपना बना लें।”

गाने के म्यूजिक वीडियो में सिद्धार्थ शर्मा और वृत्ति वाघानी हैं। ‘ढोला जी’ अब जी म्यूजिक कंपनी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।

कमल मुकुट और एम.एम. मूवीज के प्रेजेंटेशन में बनी ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है। फिल्म के निर्माता दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट हैं। यह फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।