SGSU Advertisement
Home मनोरंजन फिल्म के लिए लिखी थी ‘बर्फ’ की कहानी, थिएटर में उतारने की...

फिल्म के लिए लिखी थी ‘बर्फ’ की कहानी, थिएटर में उतारने की चुनौती बनी इसकी सबसे बड़ी खासियत: सौरभ शुक्ला

0
2

मुंबई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता सौरभ शुक्ला ने फिल्मों और थिएटर में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब उनका नाटक ‘बर्फ’ एक बार फिर दर्शकों को रहस्य और रोमांच की ऐसी दुनिया में ले जाने के लिए तैयार है। जहां कहानी की हर परत के साथ नए सवाल सामने आते हैं। सौरभ का कहना है कि यह सिर्फ एक थ्रिलर नहीं, बल्कि जिंदगी से जुड़े गहरे सवाल उठाने वाली कहानी भी है।

कश्मीर की वादियों में कड़ाके की ठंड के बीच बुनी गई ‘बर्फ’ की कहानी डॉ. कौल (सौरभ शुक्ला) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक रहस्यमयी गांव में पहुंच जाते हैं। इसके बाद कहानी एक ऐसी रात में आगे बढ़ती है, जिसमें कई रहस्यों से पर्दा उठता है। नाटक में मंच को बर्फ से ढकी कश्मीर घाटी का रूप दिया गया है। जैसे-जैसे कहानी में सस्पेंस बढ़ता है, मंच पर असली बर्फबारी का अहसास कराया जाता है, जिससे दर्शक खुद को घाटी में मौजूद महसूस करते हैं।

सौरभ शुक्ला ने कहा, ”बर्फ एक ऐसा थ्रिलर है, जो दर्शकों को अपनी सीट से बांधे रखेगा। इसके साथ ही यह जिंदगी से जुड़े कुछ गहरे सवाल भी उठाता है। मेरे लिए यह बेहद खास नाटक है। इसकी कहानी सात साल से ज्यादा समय तक मेरे साथ रही, जिसके बाद मैंने इसे लिखना शुरू किया। मैंने इसे करीब 10 साल पहले लिखा था और तब से हम इसका मंचन कर रहे हैं। अब तक दुनियाभर में इसके सैकड़ों शो हो चुके हैं और यह अनुभव बेहद खूबसूरत रहा है।”

इस नाटक में सौरभ शुक्ला के साथ सुनील पालवाल और आंचल चौहान भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सुनील पालवाल एफटीआईआई पुणे के पूर्व छात्र हैं और उन्हें संगीत नाटक अकादमी का उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार मिल चुका है। वह टीवी सीरीज ’24’, फिल्म ‘जॉली एलएलबी’ और मशहूर स्टेज प्रोडक्शन ‘मुगल-ए-आजम’ में प्रिंस सलीम की भूमिका के लिए जाने जाते हैं।

वहीं, आंचल चौहान फिल्म ‘कबीर सिंह’, नेटफ्लिक्स की ‘बृज मोहन अमर रहे’ और अमेजन प्राइम की ‘द पिक-अप आर्टिस्ट’ में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने एजीपी वर्ल्ड के नाटक ‘देवदास- द म्यूजिकल’ में पारो का किरदार भी निभाया था।

सौरभ शुक्ला ने खुलासा किया कि शुरुआत में उन्होंने इस कहानी को फिल्म के तौर पर लिखा था और आज भी उनके पास इसकी फिल्म की स्क्रिप्ट मौजूद है। वह अब भी इस कहानी पर फिल्म बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ”फिल्म एक ऐसा माध्यम है, जिसमें कहानी को दिखाने के लिए विजुअल्स का ज्यादा इस्तेमाल होता है। इसलिए हमारे सामने चुनौती थी कि इस विजुअल अपील को थिएटर में किस तरह उतारा जाए। यही इस नाटक की सबसे बड़ी खासियत बन गई।”

उन्होंने कहा, ”स्क्रिप्ट की आत्मा आज भी वही है। ‘बर्फ’ इतने लंबे समय से इसलिए चल रहा है, क्योंकि हमें इसमें आज भी कुछ नया नजर आता है। हम हर बार इस नाटक के भीतर कुछ नया तलाशते हैं। यह एक ऐसी यात्रा की तरह है, जिसमें हम लगातार खोज और नए अनुभवों से गुजरते हैं। इस तरह नाटक भी समय के साथ आगे बढ़ रहा है।”

एजीपी वर्ल्ड के साथ सौरभ शुक्ला का यह दूसरा बड़ा थिएटर प्रोजेक्ट है। इससे पहले दोनों ने कॉमेडी नाटक ‘2 टू टैंगो 3 टू जाइव’ में साथ काम किया था, जिसके 100 से ज्यादा शो हो चुके हैं।

इस नाटक का मंचन 29 नवंबर 2026 को पुणे के जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल हॉल में किया जाएगा।