पेरिस, 5 नवंबर (आईएएनएस)। आयरलैंड के डबलिन से इटली की राजधानी रोम जा रही एक फ्लाइट को गुरुवार को संदिग्ध बम धमकी मिलने के बाद फ्रांस की ओर मोड़ दिया गया। विमान सुरक्षित रूप से फ्रांस के एवरो हवाई अड्डे पर उतर गया।
यूरो न्यूज ने बताया कि फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने कहा कि विमान में सवार 151 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बम निरोधक दस्ते मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फ्रांसीसी वायुसेना ने बताया कि धमकी की सूचना मिलते ही उसके जेट्स को भेजा गया।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइटों के अनुसार, डबलिन से रोम जाने वाली यह उड़ान आयरलैंड की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ‘एर लिंगस’ की थी।
इतालवी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, रोम जाने वाली और मिलान से उड़ान भरने वाली दो फ्लाइट्स को भी बम की धमकियां मिली थीं। हेलसिंकी से रोम जा रही एक फ्लाइट इतालवी लड़ाकू विमानों की निगरानी में सुरक्षित उतरी।
फिनलैंड की राष्ट्रीय विमानन कंपनी फिनएयर के एक प्रवक्ता ने बताया कि हेलसिंकी से वियना जाने वाली जेटटाइम संचालित उड़ान को भी बम की धमकी मिली थी। हालांकि, विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
वहीं, चेक पुलिस ने बताया कि प्राग जा रहे चार विमानों को भी बम की धमकी मिली थी। इसके बाद हवाई अड्डा प्रशासन और पुलिस ने उनके सुरक्षित उतरने की तैयारी शुरू कर दी।
चेक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “प्राग जा रहे चार विमानों में विस्फोटक उपकरण रखे जाने की धमकी मिलने के बाद हम प्राग एयरपोर्ट के अधिकारियों के साथ उनके उतरने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल हम इन धमकियों की गंभीरता को कम मान रहे हैं।”
पुलिस ने कहा कि इसके बावजूद खतरे को नजरअंदाज नहीं किया गया और यात्रियों तथा हवाई अड्डे के संचालन पर कम से कम असर पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए गए। सभी विमानों के उतरने के बाद उनकी विस्फोटक जांच की गई।
बाद में चेक पुलिस ने बताया कि प्राग एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच पूरी हो चुकी है और सभी विमानों की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मामले की जांच अब आतंकवाद, उग्रवाद और साइबर अपराध से जुड़े राष्ट्रीय केंद्र को सौंप दी गई है।
यूरो न्यूज के अनुसार, बुल्गारिया में भी गुरुवार को रायन एयर की सोफिया जाने वाली तीन उड़ानों को बम की धमकियां मिलीं।
परिवहन मंत्रालय ने बताया कि कोपेनहेगन और मैड्रिड से उड़ान भरने वाले दो विमान सुरक्षित रूप से सोफिया पहुंचे, जबकि लंदन से आने वाले तीसरे विमान का रूट बदलकर प्लोवदिव भेजा गया।
मंगलवार को भी यूरोप की लगभग 10 फ्लाइट्स को बम की धमकियां मिली थीं, जिसके कारण वारसॉ हवाई अड्डे को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा था और इतालवी वायुसेना के विमानों को भी सक्रिय किया गया था।
