शारजाह, 6 नवंबर (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान खिलाफ शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मुकाबले की पहली पारी में 504 रन बनाए, जिसके बाद दूसरे दिन की समाप्ति तक अफगान खेमे ने 1 विकेट गंवाकर 113 रन अपने खाते में जोड़ लिए।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी जिम्बाब्वे की टीम को इनोसेंट काइया और बेन करेन की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 60 रन जुटाए।
इनोसेंट 34 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद ब्रेंडन टेलर ने बेन करेन (42) के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 रन, जबकि कप्तान ब्रायन बेनेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 262 के स्कोर तक पहुंचाया।
इसके बाद जिम्बाब्वे ने 287 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन कप्तान बेनेट ने वेस्ली मधेवेरे के साथ छठे विकेट के लिए 96 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
बेनेट 11 चौकों के साथ 128 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मधेवेरे ने 54 रन की पारी खेली। इनके अलावा, तफाद्जवा त्सिगा ने 44 रन और ग्रेम क्रेमर ने नाबाद 34 रन बनाए।
विपक्षी खेमे से मोहम्मद सलीम और कैस अहमद ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि जिया उर रहमान अकबर को 2 विकेट हाथ लगे। इनके अलावा, जियाउर रहमान शरीफी और हशमतुल्लाह शाहिदी ने 1-1 विकेट हासिल किया।
दिन की समाप्ति तक अफगानिस्तान ने 35 ओवरों का सामना किया, जिसमें 1 विकेट खोकर 113 रन बनाए। टीम ने महज 14 के स्कोर पर अब्दुल मलिक (2) का विकेट गंवा दिया था, जिन्हें न्यूमैन न्यामहूरी ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद सेदीकुल्लाह अटल और रहमानुल्लाह ने दूसरे विकेट के लिए 99 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। फिलहाल सेदीकुल्लाह 55 रन और रहमानुल्लाह 50 रन बनाकर नाबाद हैं।
