बीजिंग, 6 नवंबर (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने शुक्रवार को पेइचिंग के एक मतदान केंद्र पर स्थानीय जनसभा के प्रतिनिधियों को चुनने के लिए अपना मत डाला।
शी चिनफिंग, जो कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव और केंद्रीय सैन्य आयोग के अध्यक्ष भी हैं, ने पेइचिंग के शीछंग जिले के चोंगनानहाई चुनावी क्षेत्र के हुआइरनथांग मतदान केंद्र पर शीछंग जिला जनसभा के प्रतिनिधियों को चुनने के लिए मतदान किया।
इस दौरान, उन्होंने बल देते हुए कहा कि जनसभा के प्रतिनिधियों का चुनाव जन प्रतिनिधि सभा प्रणाली को बनाए रखने, सुधारने और प्रभावी ढंग से संचालित करने का आधार है, और यह देश के राजनीतिक जीवन में एक महत्वपूर्ण घटना है। उन्होंने संपूर्ण जन लोकतंत्र का अभ्यास करने, पार्टी के नेतृत्व को कायम रखने, लोकतंत्र को पूरी तरह से बढ़ावा देने, कानून का कड़ाई से पालन करने, संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया की निगरानी को मजबूत करने का आह्वान किया और चुनाव प्रक्रिया के सही दिशा में होने और स्वच्छ एवं निष्पक्ष तरीके से संचालित करने, तथा जनता के लिए संतुष्टि वाले प्रतिनिधि चुनने को सुनिश्चित करने की अपील की।
उस दिन दोपहर लगभग साढ़े 3 बजे, शी चिनफिंग हुआइरनथांग मतदान केंद्र पहुंचे, चुनाव संबंधी मामलों की व्याख्या को ध्यानपूर्वक सुना, सत्यापन के लिए अपना मतदाता पंजीकरण कार्ड कर्मचारियों को सौंपा, मतपत्र प्राप्त किया, मतपत्र लिखने वाले क्षेत्र में मतपत्र को ध्यानपूर्वक भरा, और फिर मतपेटी के सामने पूरी गंभीरता से अपना वोट डाला।
उस दिन, प्रधानमंत्री ली छ्यांग, चीनी राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा की स्थायी समिति के अध्यक्ष चाओ लेची, चीनी जन राजनीतिक सलाहकार सम्मेलन की राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष वांग हूनिंग, सीपीसी केंद्रीय समिति के सचिवालय के सचिव थ्साई छी, उप प्रधानमंत्री तिंग श्वेश्यांग और सीपीसी केंद्रीय अनुशासन निरीक्षण आयोग के सचिव ली शी ने अपने-अपने मतदान केंद्र पर वोट डाला। इसके अलावा, उप राष्ट्रपति हान चंग और पूर्व राष्ट्रपति हू चिनथाओ ने अलग-अलग तौर पर कर्मचारी को मतदान केंद्र पर उनके वोट डालने का जिम्मा सौंपा।
6 नवंबर को, पेइचिंग में कुल 13,054 मतदान केंद्र स्थापित किए गए। विभेदक चुनावों के माध्यम से 4,898 नए जिला जनसभा प्रतिनिधि और 11,137 टाउनशिप जनसभा प्रतिनिधि चुने जाएंगे।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
