SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय छठ-दीपावली पर घर लौट रहे लोग, प्रयागराज स्टेशन पर आरपीएफ की व्यवस्था...

छठ-दीपावली पर घर लौट रहे लोग, प्रयागराज स्टेशन पर आरपीएफ की व्यवस्था से यात्री खुश

0
1

प्रयागराज, 7 नवंबर (आईएएनएस)। छठ और दीपावली के अवसर पर लोग बड़ी संख्या में अपने घर वापस लौट रहे हैं, जिससे ट्रेनों और स्टेशनों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। प्रयागराज स्टेशन पर त्योहारी भीड़ को संभालने के लिए रेलवे प्रशासन और आरपीएफ ने विशेष इंतजाम किए हैं, जिसकी यात्रियों ने खुलकर सराहना की है।

प्रयागराज से जा रहे नीतेश साहू नाम के व्यक्ति ने कहा, “यहां आरपीएफ द्वारा बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है। कुल मिलाकर व्यवस्थाएं काफी बेहतर हैं। त्योहारों का समय चल रहा है, इसलिए प्रबंधन भी बहुत अच्छा किया गया है। सभी लोगों को मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कर्मचारी स्वयं आकर लोगों को जानकारी दे रहे हैं। व्यवस्था वास्तव में सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि भीड़ बहुत ज्यादा है। इसी वजह से पुलिस प्रशासन बहुत अच्छे तरीके से काम कर रहा है। यहां किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी अच्छी व्यवस्था की गई है। साथ ही साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। कुल मिलाकर यहां की व्यवस्थाएं काफी अच्छी लगी हैं और अभी तक सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है।

अजीत मौर्य यादव नाम के व्यक्ति ने कहा कि मैं खजुराहो जा रहा था। यहां का मैनेजमेंट बहुत अच्छा है। जिस प्रकार लाइन-बाय-लाइन सभी लोगों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है, वह काफी सराहनीय है। इतनी भीड़ होने के बावजूद यहां साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा गया है। मैं देख रहा हूं कि सफाई व्यवस्था भी बहुत अच्छी है। यात्रियों को आराम से यात्रा करने का अवसर मिल रहा है।

प्रयागराज के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आजाद ने कहा कि त्योहारों की भीड़ के प्रबंधन के लिए रेलवे प्रशासन ने कई विशेष ट्रेनें भी चलाई हैं। नियमित ट्रेनें भी सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए आरपीएफ लगातार कार्य कर रही है। हमने अपने उपलब्ध मैनपावर को अधिकतम स्तर पर फील्ड में तैनात किया है, ताकि किसी भी प्रकार से यात्रियों को असुविधा न हो और उनकी यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।

उन्होंने कहा कि हमने अपने प्लेटफॉर्मों पर और चलती ट्रेनों में भी कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई है। हमारी फील्ड फॉर्मेशन टीम काफी सक्रिय है। हम राज्य सरकार के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। जीआरपी के साथ तो हम काम कर ही रहे हैं, साथ ही जहां भी आवश्यकता होती है, वहां सिविल पुलिस की सहायता भी ली जा रही है।

दीपक कुमार आजाद ने कहा कि इसके अलावा सभी स्टेशनों पर सुरक्षा जांच कराई जा रही है। डॉग स्क्वॉड और जीआरपी के साथ मिलकर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे के अन्य विभागों के सहयोग से भी सुरक्षा जांच की जा रही है। हमारा उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित यात्रा प्रदान करना और भीड़ का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना है।