मुंबई, 7 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने शनिवार को अपनी फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ के रिलीज के एक साल पूरे होने पर एक भावुक पोस्ट साझा किया।
रश्मिका ने कहा कि फिल्म में भूमा का किरदार निभाना उनके लिए इसलिए और भी खास रहा, क्योंकि पिछले एक साल में उन्हें लोगों का प्यार, स्वीकार्यता और इस किरदार से जुड़ी कई कहानियां सुनने को मिलीं।
उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “द गर्लफ्रेंड के एक साल… भूमा के एक साल… और इतना सारा प्यार, जिसे मैं शायद कभी शब्दों में बयां नहीं कर पाऊंगी।”
रश्मिका ने आगे लिखा, “इस सफर को और भी खूबसूरत बनाने वाली चीज आप सभी हैं। आपके संदेश, बातचीत, आपके द्वारा साझा की गई कहानियां और जिस तरह आपने भूमा को प्यार दिया, उसे अपनाया और अपनी जिंदगी का हिस्सा बना लिया।”
उन्होंने कहा कि जब लोग उन्हें बताते हैं कि वे भूमा के किरदार से खुद को जोड़ पाए तो यह उनके लिए बेहद भावुक और खुशी भरा पल होता है।
रश्मिका ने लिखा, “जब कोई मुझसे कहता है कि उसे भूमा में अपना एक हिस्सा नजर आया तो मेरे मन में कई भावनाएं उमड़ पड़ती हैं। इससे मुझे खुशी होती है, मैं भावुक हो जाती हूं और यही चाहती हूं कि किसी को भी उन मुश्किलों से न गुजरना पड़े, जिनका सामना भूमा ने किया था। मैं चाहती हूं कि हर लड़की को अपनी आवाज, अपनी ताकत और अपनी खुशी मिले।”
उन्होंने फिल्म को मिले प्यार के लिए अपने प्रशंसकों का आभार भी जताया।
रश्मिका ने कहा, “मैं बहुत आभारी हूं कि यह कहानी इतने सारे लोगों के दिलों तक पहुंची। इसे देखने, इसके बारे में बात करने, इसका जश्न मनाने और एक साल बाद भी इसे इतना प्यार देने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आपने उस चीज को, जो पहले से ही मेरे दिल के बेहद करीब थी, और भी ज्यादा अनमोल बना दिया है।”
