हैदराबाद, 8 नवंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को विकाराबाद जिले के कोडांगल विधानसभा क्षेत्र के पारसापुर गांव में ‘इंदिरम्मा’ आवास योजना के एक लाभार्थी के साथ दिवाली मनाई।
कम आय वाले परिवारों के लिए सरकार की प्रमुख आवास योजना को उजागर करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रियों और विधायकों के साथ मिलकर लाभार्थी के परिवार के साथ यह त्योहार मनाया।
मुख्यमंत्री ने गोरीपल्ली सुमित्रा और श्रीनिवास के नवनिर्मित घर का उद्घाटन किया। उन्होंने परिवार को नए कपड़े भेंट किए और उनके घर पर पारंपरिक दिवाली का भोजन (जिसमें बढ़िया चावल शामिल थे) किया।
विधानसभा अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार, मंत्री सीथक्का, जुपल्ली कृष्णा राव, दामोदर राजनरसिम्हा और अन्य जन प्रतिनिधियों ने भी इस परिवार के साथ दोपहर का भोजन किया।
बाद में, वहां मुख्यमंत्री के आसपास इकट्ठा हुए बच्चों ने पटाखे जलाए और मुख्यमंत्री भी उनके साथ दिवाली मनाने में शामिल हो गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को पेन उपहार में दिए।
रेवंत रेड्डी ने ‘मा इंदिराम्मा इंटलो दीपावली’ (हमारे इंदिराम्मा घर में दीपावली) नाम का एक कार्यक्रम शुरू किया, जिसका उद्देश्य सरकार की आवास योजना को लोगों तक पहुंचाना और उन परिवारों के साथ त्योहार मनाना था, जिन्हें घर आवंटित किए गए हैं।
उन्होंने मंत्रियों, विधायकों और अन्य चुने हुए प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में इस योजना के लाभार्थियों के साथ दिवाली मनाएं।
मुख्यमंत्री ने रविवार को कई विकास कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
उन्होंने नारायणपेट जिले के कोसगी मंडल मुख्यालय में नवनिर्मित ‘सर सीवी रमन विज्ञान संग्रहालय’ भवन का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर, उन्होंने प्रसिद्ध भौतिक विज्ञानी सर सी.वी. रमन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
इसके बाद उन्होंने संग्रहालय में लगाई गई भौतिक विज्ञान से जुड़ी विभिन्न उपकरणों की प्रदर्शनी देखी। छात्रों ने प्रयोग करके दिखाया कि ये उपकरण कैसे काम करते हैं। इस कार्यक्रम में मंत्री जुपल्ली कृष्ण राव के साथ-साथ जन प्रतिनिधि, जिला कलेक्टर और अन्य अधिकारी शामिल हुए।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने विकाराबाद जिले के दुद्याल मंडल मुख्यालय में नवनिर्मित पुलिस स्टेशन भवन का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में स्पीकर प्रसाद कुमार, कई मंत्री, जन प्रतिनिधि, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
