SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय पाकिस्तान: सिंध में घर के बाहर पुलिस इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या,...

पाकिस्तान: सिंध में घर के बाहर पुलिस इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या, पत्नी गंभीर रूप से घायल

0
6

इस्लामाबाद, 9 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में घर के बाहर चाय पी रहे एक पुलिसकर्मी और उनकी पत्नी पर बाइक सवार हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, एक ही परिवार के पुलिसकर्मी की हत्या की यह दूसरी घटना है।

पाकिस्तान के अखबार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इंस्पेक्टर जावेद अब्रो अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे और दंपति पर गोलियां बरसाने के बाद मौके से फरार हो गए।

हमले में जावेद अब्रो को कई गोलियां लगीं। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी भी इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुईं। हालांकि, बाद में उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।

घटना के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने शुरू किए। शुरुआती जांच के अनुसार, मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध सवार थे। इनमें से एक नीचे उतरा और दंपति पर पांच से छह गोलियां चलाईं।

कराची के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) आजाद खान ने कहा कि जावेद अब्रो ने उन्हें कभी जान से मारने की धमकी मिलने की जानकारी नहीं दी थी। हालांकि, पुलिस सूत्रों ने बताया कि इंस्पेक्टर को कथित तौर पर पिछले कुछ समय से धमकियां मिल रही थीं।

इससे पहले पिछले साल अगस्त में जावेद अब्रो के भाई मोहम्मद खान अब्रो की भी उनके घर के बाहर हत्या कर दी गई थी। वह अदालत से लौट रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया था।

यह घटना पाकिस्तान में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कर्मियों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों में बढ़ोतरी के बीच हुई है। खासकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में पुलिसकर्मियों पर हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं।

पिछले सितंबर में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के टैंक जिले के वजीराबाद बाजार इलाके में अज्ञात हमलावरों ने ट्रैफिक पुलिस की मोबाइल वैन पर हमला कर दिया था। इस घटना में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधिकारी अब्दुल समद खान ने बताया था कि हथियारबंद लोगों के हमले में तीनों ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर पुलिस वाहन भी अपने साथ ले गए थे, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया। हमले में दो राहगीर भी घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।